तमिलनाडु : पत्नी ने गर्भपात के बाद गर्भवती बताकर पति से ऐंठे रुपये, यकीन दिलाने के लिए चुराई बच्ची

Fake-Pregnancy-Fraud

नई दिल्ली : चेन्नई में रह रहे अपने पति को गर्भवती होने का यकीन दिलाने के लिए एक महिला ने एक माह की बच्ची को चुरा लिया। दरअसल आरोपी महिला अपना गर्भपात करवा चुकी थी। बच्ची के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की जांच करते हुए आरोपी महिला को पकड़ा और उसके कब्जे से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी महिला की पहचान दक्षिण दिनाजपुर पश्चिम बंगाल निवासी 28 साल की शानू सरकार उर्फ जैस्मीन के रूप में हुई है। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि तीन अक्टूबर को भिंड मध्य प्रदेश निवासी एक शख्स ने नांगलोई थाने में अपनी एक माह की बच्ची के चोरी होने की शिकायत की।

उन्होंने बताया कि 31 अगस्त को उनकी पत्नी ने संजय गांधी अस्पताल मंगोलपुरी में एक बच्ची को जन्म दिया। अस्पताल में रहने के दौरान एक अज्ञात महिला ने उनकी पत्नी से मेलजोल बढ़ाया। कुछ दिन बाद आरोपी महिला ने उनकी पत्नी को फोन किया और बच्चों की देखभाल में मदद करने की पेशकश की।

आरोपी महिला कपड़ा खरीदने के बहाने बच्ची और उसकी मां को नांगलोई मेट्रो स्टेशन ले गई। इसी दौरान बच्ची की मां को उल्टी होने लगी। इसका फायदा उठाकर महिला बच्ची को लेकर गायब हो गई। शिकायत पर नांगलोई थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी पवन तोमर ने बताया कि 5 अक्तूबर को प्रेम नगर से गिरफ्तार कर लिया।

पहले पति के साथ पश्चिम बंगाल से आई दिल्ली, कर ली दूसरी शादी : शानू ने बताया कि 11 साल पहले उसकी पश्चिम विहार निवासी विजय कुमार से शादी हुई थी। उसकी एक 10 साल की बेटी है। बाद में दोनों काम की तलाश में दिल्ली आ गए। इस दौरान शानू फरक्का पश्चिम बंगाल निवासी नजरुल शेख के संपर्क में आई। फरवरी 2025 में उसने पति और बेटी को छोड़कर नजरुल से शादी कर ली। नजरुल काम के सिलसिले में चेन्नई चला गया। इस दौरान शानू गर्भवती हो गई। बाद में गर्भपात करा लिया, लेकिन गर्भवती होने के नाम पर पति से पैसे मांगती रही। गुमराह करने के बच्ची चोरी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *