फ्लाइट कैंसिल होने से अपनी रिसेप्शन पार्टी में नहीं पहुंच पाए दूल्हा-दुल्हन, फिर…ऑनलाइन लिया आशीर्वाद

Flight-Cancelled-Reception-Party

नई दिल्ली : एक टेक्नो-सैवी कपल आरव और सिया अपनी वेडिंग रिसेप्शन पार्टी की तैयारी में जुटे थे. दोनों ने अपनी हल्दी-मेहंदी से लेकर रिसेप्शन की ग्रैंड एंट्री तक सब कुछ बड़े करीने से प्लान कर रखा था. इसके लिए रिसेप्शन हॉल बुक हो चुका और सारे रिश्तेदार भी आमंत्रित किए जा चुके थे. लेकिन उनके इस वेडिंग प्लान में एक ‘छोटा’ सा ट्विस्ट आना बाकी था और वह था इंडिगो की फ्लाइट!

एयरपोर्ट पर कैंसिल हो गई फ्लाइट : अपने वेडिंग रिसेप्शन से कुछ घंटे पहले कपल एयरपोर्ट पर पहुंचा. उनके चेहरों पर शादी की खुशी साफ झलक रही थी. लेकिन एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करते ही उन्हें डिस्प्ले बोर्ड पर Flight Cancelled लिखा नजर आया. जिसे देख वे घबरा गए.

परेशान दूल्हे ने तुरंत दूसरी फ्लाइट देखने की कोशिश की. दुल्हन ने भी एयरलाइन स्टाफ से बात कर उपाय ढूंढने की कोशिश की लेकिन कुछ भी काम नहीं आया. एयरपोर्ट पर उन समेत हजारों यात्री पहले ही फंसे थे. ऐसे में कपल के पास सब विकल्प खत्म हो गए थे. उधर रिसेप्शन हॉल में मेहमान आने शुरू हो गए थे.

रुआंसी हो गई दुल्हन : अपना वेडिंग रिसेप्शन चौपट होते देख दुल्हन रुआंसी हो गई. लेकिन दूल्हे ने उसे ढाढस बंधाया और ऑनलाइन रिसेप्शन पार्टी में शामिल होने का फैसला किया. दोनों एक होटल पहुंचे और उसके कमरे को मिनी स्टूडियो बना दिया. इसके बाद अपने पैरंट्स से बात करके रिसेप्शन हॉल को लाइव थिएटर में बदल दिया.

जहां दूल्हे-दुल्हन की स्टेज लगनी थी. वहां पर बड़ी स्क्रीन लगा दी गई, जिस पर दूल्हा-दुल्हन अपनी शादी की ड्रेस पहने नजर आ रहे थे. जिन मेहमानों ने भी दूल्हा-दुल्हन को पार्टी में ऑनलाइन शामिल होते देखा, वे खुद को ठहाका लगाने से नहीं रोक सके.

मेहमानों ने पार्टी में ले लिए मजे : दुल्हन ने झिझकते हुए लोगों से कहा, ‘हमारी फ्लाइट कैंसिल हो गई है… हम अपनी रिसेप्शन पार्टी में न आ पाने के लिए सच में माफी चाहते हैं! यह सुनकर पूरे हॉल से एक साथ जवाब आया कि कोई बात नहीं. यह सबसे यूनिक रिसेप्शन है!’

पार्टी में मौजूद लोगों ने इस विचित्र स्थिति में मजे लेने में कोई कोताही नहीं बरते. कईयों ने स्क्रीन के पास आकर उनके साथ अपने फोटो खिंचवाई. कईयों ने कपल को गिफ्ट देकर शादी की ऑनलाइन बधाई दी. वहीं कई लोगों ने कैमरे के पास आकर जोड़े को अपना आशीर्वाद दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *