नई दिल्ली : इंग्लैंड क्रिकेट टीम को इस साल ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना है, जहां 5 मैचों की एशेज सीरीज खेली जाएगी. यह इंटरनेशनल क्रिकेट की सबसे रोमांचक टेस्ट सीरीज में से एक है. ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमें 2025-26 एशेज में 21 नवंबर से 8 जनवरी, 2026 तक आमने-सामने होंगे. इस सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मैथ्यू हेडन अपने एक बयान से चर्चा में आ गए हैं. इस दिग्गज ने एक ऐसा बयान दे दिया, जिसके बाद उनकी बेटी ग्रेस हेडन ने इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट से खास अपील की है. दरअसल, हेडन ने कहा है कि अगर जो रूट 2025-26 एशेज में शतक नहीं बना पाए तो वह मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में नंगे घूमेंगे.
‘पूरे ग्राउंड में नंगा घूमूंगा…’ : हाल ही में एक पॉडकास्ट शो में मैथ्यू हेडन ने यह बयान दिया. दरअसल, हेडन ने एक पैनलिस्ट द्वारा रूट को ऑल-टाइम एशेज इलेवन में नहीं चुने जाने पर आपत्ति जताई थी. इसके बाद उन्होंने एक दावा भी कर दिया कि अगर रूट आगामी एशेज में शतक बनाने में विफल रहे तो वह नंगे होकर घूमेंगे. उन्होंने कहा, ‘वह इंग्लैंड की टीम में सबसे संपूर्ण खिलाड़ी हैं. मुझे यकीन नहीं हो रहा कि आपकी टीम में जो रूट नहीं हैं. उनका औसत 40 का है. उनका बेस्ट स्कोर 180 है और मैं इस समर के अंत में आपसे बात करूंगा. अगर वह इस समर में शतक नहीं बना पाए तो मैं एमसीजी में नंगे घूमूंगा.’
ग्रेस हेडन ने लगाई गुहार : मैथ्यू हेडन का यह बयान तुरंत वायरल हो गया और कई लोग इससे हैरान भी रह गए. हालांकि, जब उनकी बेटी ग्रेस हेडन, जोकि एक स्पोर्ट्स प्रेजेंटर हैं, उन्होंने जो रूट से खास अपील भी की है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘प्लीज जो रूट, एक शतक बना देना.’ मैथ्यू हेडन के इस अजीबोगरीब बयान पर कई तरह के रिएक्शन सामने आ रहे हैं. कई लोग सोशल मीडिया पर यह भी कह रहे हैं कि अगर रूट शतक नहीं बना पाए तो क्या होगा.
हेडन को रूट पर पूरा भरोसा : हेडन के इस चौंकाने वाले बयान से यह पता चलता है कि उन्हें इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले जो रूट की काबिलियत पर पूरा भरोसा है कि वह आगामी एशेज में सेंचुरी बनाएंगे. चूंकि, अब हेडन ने यह बयान दे दिया है ऐसे में रूट के हाथों में ही उनकी लाज है. बता दें कि रूट का ऑस्ट्रेलिया में कोई खास रिकॉर्ड नहीं है. जानकार हैरानी हो सकती है कि उनके नाम इस देश में एक भी टेस्ट शतक नहीं है. उन्होंने 27 टेस्ट पारियों में 35.68 की औसत से 892 रन बनाए हैं, जिसमें 9 अर्धशतक शामिल हैं. तीन मौकों पर उन्होंने 80 का आंकड़ा पार जरूर किया है, लेकिन शतक पूरा करने में सफल नहीं हुए. हालांकि, रूट इस समय शानदार लय में हैं. उन्होंने टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में बड़ी छलांग लगाई है. अब वह 13543 रनों के साथ इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं. उनसे आगे केवल सचिन तेंदुलकर (15921 रन) हैं.
