धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला कांगड़ा के गांव गमरू की अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही अंजली शर्मा ने अपने जीवन की नई यात्रा शुरू करते हुए प्रेम और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच रवांडा के यवेस काजियुका के साथ विवाह कर लिया है। यह विवाह धर्मशाला के सैनिक रेस्ट हाउस में संपन्न हुआ।
अंजली शर्मा और यवेस काजियुका की मुलाकात 2023 में रूस के मॉस्को शहर में हुई थी। दोस्ती से शुरू हुआ उनका यह सफर प्यार में बदल गया और उन्होंने अपने रिश्ते को विवाह का नाम दिया। यवेस काजियुका पेशे से सिविल इंजीनियर हैं और वर्तमान में अमेरिका में कार्यरत हैं। यह विवाह पूरी तरह से भारतीय पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ, जिसमें दोनों ने अपनी खुशी का इजहार किया।
अंजली के पिता का निधन 2009 में हो चुका है। उनकी माता पुष्पा शर्मा ने उनका अकेले पालन-पोषण किया। विवाह के शुभ अवसर पर उनकी बहन मोनिका जो पेशे से वकील हैं, भी मौजूद रहीं।
साड़ी और गद्दी ड्रेस में बनाया विश्व रिकॉर्ड : पर्वतारोहण के क्षेत्र में अंजली शर्मा की उपलब्धियां असाधारण हैं। अंजली ने पारंपरिक गद्दी ड्रेस और साड़ी पहनकर दो विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। इन रिकॉर्ड्स में तंजानिया के माउंट किलिमंजारो और रूस के एल्बुस पर्वत की चोटी पर सफल चढ़ाई शामिल है। इसके अलावा उन्होंने हिमाचल प्रदेश की प्रमुख चोटियों जैसे दियो टिब्बा, हनुमान टिब्बा और धौलाधार हाई पीक भी सफलतापूर्वक फतह की हैं।
अब साथ मिलकर छूएंगे पर्वतों की ऊंचाई : अंजली शर्मा का कहना है कि अब उनका और यवेस का जीवन एक साथ पर्वतारोहण में नए कीर्तिमान स्थापित करने का होगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में वे दोनों मिलकर अपने देश का नाम रोशन करेंगे और अंजली अपने पति के साथ पर्वतारोहण के क्षेत्र में भारत का प्रतिनिधित्व करती रहेंगी। अंजली के अदम्य साहस और संघर्ष की कहानी पहले से ही प्रेरणादायक रही है। अब उनकी यह प्रेम कहानी और विवाह की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसने कई लोगों को प्रेरित किया है।
