रायपुर : भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला भी जीत लिया है। रायपुर में खेले गए मैच में भारत को 7 विकेट से जीत मिली। पहले खेलते हुए न्यूजीलैंड ने 6 विकेट पर 208 रन बनाए थे। भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और 6 रन पर दोनों ओपनर पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद भी टीम ने 16वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। यह संयुक्त रूप से भारतीय टीम का सबसे टी20 में सबसे बड़ा रन चेज भी है। 5 मैचों की सीरीज में टीम इंडिया ने 2-0 की बढ़त बना ली है।
ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव छा गए : भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन पहले ओवर में आउट हो गए। मैट हेनरी ने उनका विकेट लिया। दूसरे ओवर में अभिषेक शर्मा गोल्डन डक हो गए। 6 रन पर दो विकेट गिरने के बाद टीम इंडिया दबाव में दिख रही थी। यहां से ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला। तीसरे ओवर में 24 रन बने और यहां से भारत को वापसी का मौका मिल गया।
ईशान और सूर्या की जोड़ी क्रीज पर टिक गई। ईशान किशन ने 21 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। बैटिंग पावरप्ले में ही भारत ने 75 रन ठोक दिए। ईशान किशन शतक की तरफ बढ रहे थे लेकिन 76 रन बनाकर आउट हो गए। 32 गेंदों पर ईशान ने 11 चौके और 4 छक्कों की मदद से 76 रन बनाए। सूर्या के साथ उन्होंने 48 गेंद पर 122 रनों की साझेदारी की।
ईशान के आउट होने के बाद सूर्या ने 23 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। शिवम दुबे ने भी उनका साथ निभाया। 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर भारत ने लक्ष्य हासिल कर लिया। 37 गेंद पर सूर्या ने 82 रन बनाए। उन्होंने 9 चौके और 4 छक्के मारे। दुबे के बल्ले से एक चौका और 3 छक्के की मदद से 17 गेंद पर 35 रन निकले।
न्यूजीलैंड ने की थी विस्फोटक शुरुआत : इससे पहले शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। अर्शदीप सिंह के पहले ही ओवर में डेवोन कॉन्वे ने 18 रन ठोक दिए। इसके बाद अर्शदीप पारी का तीसरा ओवर फेंकने आए, जिसमें एक बार फिर 18 रन लुटे। कॉन्वे ने टिम सीफर्ट के साथ पहले विकेट के लिए 3.2 ओवरों में 43 रन की साझेदारी की। कॉन्वे 9 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 19 रन बनाकर आउट हुए। अगले ओवर में सीफर्ट भी चलते बने। सीफर्ट 13 गेंदों में 5 चौकों के साथ 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
कीवी टीम 4.2 ओवरों में 43 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी थी। यहां से रचिन रविंद्र ने ग्लेन फिलिप्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 27 गेंदों में 55 रन जोड़कर टीम को शतक के करीब पहुंचा दिया। फिलिप्स ने टीम के खाते में 19 रन का योगदान दिया। इसके बाद रचिन ने मोर्चा संभालते हुए 26 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों के साथ 44 रन बनाए।
कप्तान मिचेल सेंटनर सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने मार्क चैपमैन (10) के साथ 32 रन, जबकि जैकरी फाउल्क्स (नाबाद 15) के साथ 19 गेंदों में 47 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। कुलदीप यादव ने 2 विकेट हासिल किए जबकि हार्दिक पंड्या, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने 1-1 विकेट सफलताएं मिली।
