विशाखापत्तनम : भारत ने सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा के नाबाद अर्धशतक की मदद से श्रीलंका को दूसरे टी20 मैच में सात विकेट से हराया। भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को 20 ओवर में नौ विकेट पर 128 रन के स्कोर पर रोका। जवाब में भारत ने 11.5 ओवर में तीन विकेट पर 129 रन बनाकर मैच जीत लिया। भारत ने इस तरह पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त ले ली है। भारत के लिए शेफाली वर्मा ने 34 गेंदों पर 11 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 69 रन बनाए। वहीं, ऋचा घोष एक रन बनाकर नाबाद रहीं।
जेमिमा-शेफाली की शानदार साझेदारी : भारत के लिए शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पारी की शुरुआत की, लेकिन ये साझेदारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। कविष्का ने मंधाना को आउट कर भारत को पहला झटका दिया जो 11 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 14 रन बनाकर आउट हुईं। हालांकि, इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स और शेफाली वर्मा ने शानदार साझेदारी की। जेमिमा और शेफाली ने आक्रामक बल्लेबाजी की जिससे भारत का स्कोर आठवें ओवर में ही 80 रन के पार पहुंच गया।
श्रीलंका की खराब शुरुआत : पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारत को एक बार फिर क्रांति गौड़ ने पहले ही ओवर में सफलता दिलाई। क्रांति ने विष्मी गुणारत्ने को आउट किया जो एक रन बनाकर पवेलियन लौटीं। श्रीलंका ने फिर 38 रन के स्कोर पर दूसरा विकेट गंवाया। स्नेह राणा ने कप्तान चामरी अट्टापट्टू को पवेलियन की राह दिखाई। चामरी 24 गेंदों पर तीन चौका और दो छक्के की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुईं।
श्रीलंका ने आखिरी ओवर में गंवाए तीन विकेट : पहले बल्लेबाजी करते हुए एक बार फिर श्रीलंका की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। टीम ने आखिरी ओवर में तीन विकेट गंवाए। श्रीलंकाई पारी का 20वां ओवर डालने वैष्णवी आईं। उन्होंने दूसरी गेंद पर शशिनी गिमहानी को आउट किया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर काव्या काविंदी रन आउट हुईं, जबकि अंतिम गेंद पर तेजी से दो रन चुराने के चक्कर में कौशानी भी अपना विकेट गंवा बैठीं। भारत के लिए वैष्णवी शर्मा और श्री चरणी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि क्रांति गौड़ और स्नेह राणा को एक-एक सफलता मिली।
भारत : स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, स्नेह राणा, अरुंधति रेड्डी, वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, श्री चरणी।
श्रीलंका : विष्मी गुणारत्ने, चामरी अट्टापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, निलाक्षी डि सिल्वा, कविशा दिलहारी, कौशानी नुथयांगाना (विकेटकीपर), माल्की मदारा, इनोका रानावीरा, काव्या काविंदी, शशिनी गिमहानी।
