इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) द्वारा एक विशाल पथ संचलन का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों स्वयंसेवकों ने भाग लिया। रविवार को इंदौर शहर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पथ संचलनों से गुंजायमान हो उठा। भंवरकुआं, चिमनबाग, बंगाली चौराहा और संगम नगर सहित विभिन्न इलाकों में हजारों की संख्या में स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में कदमताल करते नजर आए। इस दौरान शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर पथ संचलन का भव्य स्वागत किया।
प्रमुख मार्गों पर निकला संचलन : शहर के लगभग 34 स्थानों (नगरों) से पथ संचलन निकाले गए, जिनमें अनुमानित रूप से दो लाख स्वयंसेवकों के शामिल होने का अनुमान है। निरंजनपुर की स्कीम नंबर 114 स्थित राजीव आवास विहार में निकले संचलन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रत्येक संचलन का मार्ग लगभग 3 से 4 किलोमीटर लंबा रखा गया था, जिसमें सबसे आगे घोष दल और उनके पीछे कतारबद्ध स्वयंसेवक चल रहे थे।
शताब्दी वर्ष का संदेश : इस अवसर पर अखिल भारतीय सह सरकार्यवाह श्री अरुण कुमार कनाडिया क्षेत्र के पथ संचलन में शामिल हुए। उन्होंने स्वयंसेवकों को संघ के शताब्दी वर्ष का महत्वपूर्ण संदेश दिया। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए ट्रैफिक की विशेष योजना बनाई गई थी, ताकि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
हर वर्ग की दिखी भागीदारी : इस वर्ष के पथ संचलन में एक विशेष बात यह रही कि इसमें व्यापारी, उद्योगपति, समाजसेवी, डॉक्टर, वकील, इंजीनियर और कॉर्पोरेट जगत के कर्मचारियों सहित अन्य पेशेवरों को भी आमंत्रित किया गया था। संघ का लक्ष्य इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाना था, जिसके लिए पूरे जिले के प्रत्येक घर से कम से कम एक सदस्य को संचलन में शामिल करने का प्रयास किया गया। पिछले वर्ष यह संख्या लगभग 65 हजार थी, जिसमें इस वर्ष बड़ी वृद्धि देखने को मिली।
