छत्तीसगढ़ : कांकेर में 100 से ज्यादा नक्सलियों ने किया सरेंडर, माओवादी राजू सलाम ने BSF कैंप में डाले हथियार

Kanker-Naxal-Surrender-in-BSF-Camp

रायपुर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में 100 से ज्यादा नक्सलियों के सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण करने की खबर सामने आ रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं। चर्चा है कि कोयलीबेडा थाना क्षेत्र के कामतेड़ा बीएसएफ कैंप में करीब 100 से ज्यादा नक्सलियों ने हथियार के साथ सरेंडर किया है। कहा जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में अब तक का ये सबसे बड़ा नक्सलियों का सरेंडर है।

इस मामले में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बीएसएफ कैंप में दो बसें आ रही हैं। फिर उसके पीछे तीन कार आ रही हैं। इसके बाद एक पुलिस की गाड़ी दिख रही है। आस-पास फोर्स के जवान तैनात हैं। चारों तरफ से सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद दिख रही है। बैरिकेड्स भी लगाये गये हैं। सूत्रों के मुताबिक, नक्सली गेंडाबेड़ा गांव तक पैदल चलते हुए आए और फिर पुलिस की बस में बैठकर बीएसएफ कैंप तक पहुंचे।

सरेंडर करने वाले नक्सलियों में रावघाट एरिया कमेटी के टॉप नक्सली लीडर राजू सलाम,मीना, प्रसाद,भास्कर समेत 100 से ज्यादा नक्सली शामिल हैं। ये सभी नक्सली बीती शाम को सरेंडर करने वाले थे, लेकिन किसी कारण से आज बुधवार दोपहर को सरेंडर करने पहुंचे। फिलहाल, ये मालूम नहीं चला है कि किस नक्सली के ऊपर कितने रुपये का इनाम है।

चर्चा है कि पुलिस इन सभी नक्सलियों का पहले रिकॉर्ड खंगालेगी और संभवत: कल या परसों इस संबंध में जानकारी दी जायेगी। सुरक्षा के मद्देनजर पत्रकारों को कवरेज से रोका गया है। बताया जाता है कि ये सभी नक्सली रावघाट एरिया कमेटी और माड़ डिवीजन में सक्रिय थे। माना जा रहा है कि इन सभी नक्सलियों के सरेंडर करने से कांकेर जिला नक्सल मुक्त हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *