बेंगलुरु : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में हत्या का मामला सामने आया है। शुक्रवार को बंगलूरू में केजी हल्लि थाना क्षेत्र के पिल्लन्ना गार्डन के पास 40 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। महिला के पुरुष मित्र ने चाकू से गोदकर हत्या की है।
पुलिस के अनुसार, मृतका तलाकशुदा थी और आरोपी, 43 वर्षीय विवाहित व्यक्ति, के साथ उसका गुप्त संबंध था। कुछ समय से दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद चल रहा था, क्योंकि महिला उस पर विवाह के लिए दबाव डाल रही थी, जबकि आरोपी इसके खिलाफ था।
शुक्रवार को महिला जब काम से लौट रही थी, तब आरोपी ने बातचीत के बहाने उसे बुलाया और मौके पर कई बार चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है।
