लेह : छठी अनुसूची के तहत विशेष दर्जा और लद्दाख को राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर हो रहे बंद और बड़े प्रदर्शन के दौरान लेह में हालात तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शन के दौरान कुछ युवाओं के उग्र हो जाने के बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने और लाठीचार्ज करना पड़ा। लेह में प्रदर्शनकारियों ने भाजपा कार्यालय में आग लगा दी। भूख हड़ताल पर बैठे जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने एक वीडियो जारी कर लेह में हुई हिंसा पर दुख व्यक्त किया और शांति बनाए रखने का आह्वान किया। यहां पढ़ें पल-पल के अपडेट्स-
लेह में चार लोगों की मौत और कई घायल : समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, एक अधिकारी ने उन्हें बताया कि लेह में झड़पों में चार लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं।
सोनम वांगचुक ने वीडियो जारी कर शांति बनाए रखने का किया आह्वान : भूख हड़ताल पर बैठे जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने एक वीडियो जारी कर लेह में हुई हिंसा पर दुख व्यक्त किया और शांति बनाए रखने का आह्वान किया।
भाजपा कार्यालय के बाहर सुरक्षा वाहन को फूंका गया : प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यालय के बाहर एक सुरक्षा वाहन को आग के हवाले कर दिया गया। हालात को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बहाल की जा सके।
