सुल्तानपुर : उत्तर प्रदेश में सुल्तानपुर के गोसाईगंज क्षेत्र में शादी में मध्यस्थता करने वाले पर विवाहिता के अपहरण का आरोप लगा है। पुलिस ने केस कर लिया है। पीड़ित के अनुसार, उनके पुत्र का विवाह गांव में ही रहने वाले झारखंड के तिलवरिया निवासी मनोहर लाल ने वर्ष 2022 में झारखंड की एक युवती से कराया था।
विवाह के बाद मनोहर लाल उनसे आए दिन पैसे की मांग करता था। जब उन्होंने पैसा देने से मना किया तो मनोहर लाल उनको जान से मारने की धमकी देने लगा। कहा कि पैसा नहीं मिला तो वह उनकी बहू का अपहरण कर लेगा। गत 17 जून को उनकी अनुपस्थिति में मनोहर बहू को मायके पहुंचाने के बहाने उनके घर पहुंचा। घर में रखे 40 हजार रुपये लेने के साथ बहू को लेकर चला गया।
जब वह घर लौटे तो उन्हें बहू व मनोहर लाल के एक साथ जाने की जानकारी मिली। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चल सका। थानाध्यक्ष राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है।