नेपाल : अंतरिम सरकार में पांच नए मंत्री, राष्ट्रपति पौडेल ने की नियुक्ति

Nepal-Saarkaar

काठमांडू : नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने रविवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए पांच नए मंत्रियों को शामिल किया। इसके साथ ही मंत्रिमंडल की कुल संख्या बढ़कर नौ हो गई है।

प्रधानमंत्री कार्की की सिफारिश पर राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने अनिल कुमार सिन्हा, महावीर पुन, संगीता कौशल मिश्रा, जगदीश खरेल और मदन परियार को नए मंत्री के रूप में नियुक्त किया है। राष्ट्रपति कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, इन सभी मंत्रियों का शपथ ग्रहण सोमवार को राष्ट्रपति भवन में होगा।

स्वास्थ्य तथा जनसंख्या मंत्रालय का जिम्मा डॉ. संगीता कौशल मिश्रा को दिया गया है। वह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव थीं और मंत्री बनने का रास्ता साफ करने के लिए रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे चुकी हैं। शिक्षा, विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी मंत्रालय की जिम्मेदारी महावीर पुन को सौंपी जाएगी। वह राष्ट्रिय आविष्कार केन्द्र के अध्यक्ष हैं। 

संचार, सूचना तथा प्रौद्योगिकी मंत्रालय के लिए वरिष्ठ पत्रकार जगदीश खरेल का नाम आगे बढ़ाया गया है। वह इमेज मीडिया ग्रुप में समाचार प्रमुख रहे हैं। इसके अलावा, कृषि मंत्रालय का नेतृत्व मदन परियार करेंगे, जबकि उद्योग तथा भूमि सुधार मंत्रालय का कार्यभार पूर्व न्यायाधीश अनिल कुमार सिन्हा को सौंपा जाएगा। अब तक कैबिनेट में प्रधानमंत्री समेत कुल नौ मंत्री हो गए हैं। प्रधानमंत्री कार्की ने कई अहम मंत्रालय अपने पास ही रखे हैं।

73 वर्षीय कार्की 12 सितंबर को प्रधानमंत्री बनी थीं। इससे पहले केपी शर्मा ओली की सरकार भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया प्रतिबंध को लेकर जेन-जी के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद गिर गई थी। इसके बाद बने राजनीतिक अनिश्चितता के दौर का अंत कार्की के प्रधानमंत्री बनने से हुआ।

कार्की के पद संभालते ही ऊर्जा, जल संसाधन और भौतिक योजना मंत्री के तौर पर कुलमा घीसिंग, वित्त मंत्री के रूप में रमेश्वर खनल और गृह मंत्री के तौर पर ओम प्रकाश आर्यल को नियुक्त किया था। अंतरिम सरकार आगामी आम चुनाव तक काम करेगी, जो 5 मार्च को होने तय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *