नई दिल्ली : भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने पदभार संभालने के बाद अपने पहले ही दिन वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर आशीर्वाद और मार्गदर्शन लिया। मंगलवार को उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता और भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भेंट की। इस दौरान पार्टी मुख्यालय में सुबह से ही खास हलचल देखने को मिली, जहां देशभर से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उन्हें बधाई देने पहुंचे।
नितिन नबीन ने पार्टी दफ्तर पहुंचने से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से उनके आवास पर मुलाकात की। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक दायित्वों के निर्वहन में अमित शाह का मार्गदर्शन उनके लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहा है। इसके बाद शाम को उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात कर संगठन को आगे बढ़ाने को लेकर दिशा-निर्देश प्राप्त किए।
वरिष्ठ नेतृत्व से मिला मार्गदर्शन : शाम के समय नितिन नबीनन ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से उनके आवास पर भेंट कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि आडवाणी का संकल्प और अथक परिश्रम ही भाजपा को आज इस मुकाम तक लेकर आया है। नबीन ने यह भी कहा कि आडवाणी का मार्गदर्शन उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियों को निभाने में लगातार प्रेरित करता रहेगा।
नितिन नबीन के स्वागत में भाजपा मुख्यालय में देश के कई राज्यों से कार्यकर्ता पहुंचे। खासकर बिहार से आए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, विनोद तावड़े, दुष्यंत गौतम और मीडिया विभाग के सह-प्रभारी संजय मयूख ने उनका स्वागत किया।
राज्यों के नेता पहुंचे बधाई देने : केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन, बिहार के मंत्री दिलीप जायसवाल और अरुण शंकर प्रसाद समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने नितिन नबीन से मुलाकात की। इसके अलावा भाजपा के कई सांसद और विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भी पार्टी मुख्यालय पहुंचे और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
संगठन को मजबूत करने का संकल्प : नितिन नबीन ने पार्टी कार्यालय में विभिन्न विभागों के प्रभारियों और कर्मचारियों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय संगठन के मूल्यों का केंद्र है, जहां देशभर से कार्यकर्ता विश्वास और उम्मीद लेकर आते हैं। उनका कहना था कि यह सुनिश्चित करना संगठन की जिम्मेदारी है कि हर कार्यकर्ता को यह कार्यालय अपना लगे। नितिन नबीन ने बिहार निवास में भी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। सोमवार को पदभार ग्रहण करते समय शीर्ष नेताओं ने कहा था कि उनके संगठनात्मक कौशल से भाजपा को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी।
