नई दिल्ली/मॉस्को : भारत और रूस की दोस्ती को जोड़ने वाली कई सारी चीजें हैं. जिन पर दोनों देशों के लोग नाज कर सकते हैं. दोनों देशों के बीच हजारों किमी की दूरी है. फिर भी दोनों देश मित्रता की ऐसी बारीक डोर से बंधे हैं, जो कई पश्चिमी देशों को रास नहीं आती. दोनों देशों की दोस्ती को प्रगाढ़ करने में ऐसी ही एक चीज भारतीय संगीत रहा, जिसके आज भी भारत-रशियन दोनों ओर के लोग दीवाने हैं.
रूस में दिखी भारत की सॉफ्ट पावर की झलक : खासकर शोमैन राज कपूर की फिल्मों के गानों के तो राष्ट्रपति पुतिन समेत तमाम रशियन आज भी फैन हैं. भारत की इस सॉफ्ट पावर की झलक इस साल 9 मई को तब भी दिखी, जब मॉस्को में रूसी विजय दिवस समारोह के दौरान मेहमानों के लिए मशहूर हिंदी गाना ‘मेरा जूता है जापानी’ प्रस्तुत किया गया.
राष्ट्रीय हिंदी दिवस पर शेयर किया वीडियो : इस समारोह में भारत की ओर से शामिल हुए रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इस पल को आज राष्ट्रीय हिंदी दिवस के मौके पर अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है. इस वीडियो को अब तक सैकड़ों लोग देख चुके हैं और इसे भारत के लिए गर्व का पल बताते हुए शेयर कर रहे हैं. केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा कि इस गाने की प्रस्तुति ने हिंदी संगीत की वैश्विक लोकप्रियता को दिखाया है.
पुतिन के सामने ‘मेरा जूता है जापानी’ गाना : संजय सेठ ने अपने एक्स हैंडल पर समारोह का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘संगीत दुनिया के कई देशों को एक मंच पर जोड़ता है. अगर गाना हिंदी में हो, तो हर कोई इससे जुड़ाव महसूस करता है. यह गाना रूस के सम्मानित राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निवास पर प्रस्तुत किया गया, जहां कई देशों के प्रमुख मौजूद थे.’
उन्होंने आगे लिखा, इस गीत ने निःसंदेह कई दिलों को जोड़ा है. यह वैश्विक स्तर पर हिंदी का बढ़ता प्रभाव ही है कि आज रूस में भी हिंदी गाने गाए और सुने जा रहे हैं. वह भी रूसी कलाकारों के द्वारा. इसलिए हम कहते हैं कि हिंदी सबको जोड़ती है. भारत को भी और दुनिया को भी.
1955 में रिलीज हुई थी राज कपूर की फिल्म : बताते चलें कि राज कपूर अभिनीत यह उनकी 1955 में रिलीज हुई फिल्म श्री 420 का है. इस गाने ने उस समय भारत के साथ ही पाकिस्तान और रूस में भी जबरदस्त लोकप्रियता बटोरी थी. करीब 60 साल गुजर जाने के बावजूद वहां के लोग आज भी इस गुनगुनाते नजर आते हैं. इस गाने को रूस में लंबे समय से भारत की सॉफ्ट पावर और सांस्कृतिक पहुंच का प्रतीक माना जाता है.
