नई दिल्ली : श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या बृहस्पतिवार से तीन दिवसीय दौरे पर भारत पहुंच रही हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा होगा। विदेश मंत्रालय के अनुसार, अमरसूर्या 16 से 18 अक्तूबर तक भारत में रहेंगी। इस दौरान वह भारतीय नेताओं से मुलाकात करेंगी और शिक्षा, प्रौद्योगिकी और व्यापारिक सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगी।
अमरसूर्या अपने दौरे में आईआईटी दिल्ली और नीति आयोग का भी दौरा करेंगी, जहां शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में भारत-श्रीलंका सहयोग पर बात होगी। श्रीलंका में शिक्षा मंत्री होने के नाते वह इस दिशा में नए अवसरों की खोज पर जोर देंगी। विदेश मंत्रालय ने कहा कि उनकी यह यात्रा दोनों देशों के बीच गहरे और बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाएगी।
आज हिंदू कॉलेज आएंगी श्रीलंका की प्रधानमंत्री : श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या आज यानी बृहस्पतिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज में विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगी। वर्ष 1991 से 1994 तक वह यहीं से बीए ऑनर्स (समाजशास्त्र) की पढ़ाई कर चुकी हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला कॉलेज दौरा होगा।
हिंदू कॉलेज की प्रिंसिपल प्रोफेसर अंजू श्रीवास्तव ने बताया कि यह कॉलेज के लिए गर्व का क्षण है कि उनकी पूर्व छात्रा अब बतौर प्रधानमंत्री लौट रही हैं। कॉलेज ने उनके सम्मान में समाजशास्त्र लैब को उनके नाम समर्पित किया है, जिसका उद्घाटन वह करेंगी।
कॉलेज परिसर में इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। अमरसूर्या को कॉलेज की नई सुविधाओं और कोर्सेज से भी अवगत कराया जाएगा। वह उस कक्षा का भी दौरा करेंगी, जिसमें उन्होंने बतौर छात्रा अध्ययन किया था, यह उनके लिए पुरानी यादों को ताजा करने का पल होगा।
