नई दिल्ली/ढाका : बांग्लादेश ने 2.2 अरब डॉलर के सौदे में 20 चीनी जे-10 सीई लड़ाकू विमानों को खरीदने की योजना बनाई है। यह सौदा प्रशिक्षण, रखरखाव और अन्य संबंधित खर्चों को भी कवर करेगा। एक मीडिया रिपोर्ट में मंगलवार को यह जानकारी दी गई।
रिपोर्ट में सरकारी दस्तावेजों के हवाले से कहा गया, बांग्लादेश 2026 और 2027 के दौरान इन लड़ाकू विमानों को प्राप्त करेगा, ताकि वायु सेना को आधुनिक बनाया जा सके और देश की वायु रक्षा को मजबूत किया जा सके। हालांकि, इस सौदे की अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। लेकिन रिपोर्ट में कहा गया है कि भुगतान दस वित्तीय वर्षों में (यानी 2036 तक) किया जाएगा।
जब रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो वित्त सलाहकार सालेहुद्दीन अहमद ने कहा, ‘मैं इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा।’ उन्होंने कहा, ‘क्या सिर्फ इसलिए कि मुझे कुछ पता है, मुझे सब कुछ बताना जरूरी है?’
रिपोर्ट में कहा गया है कि जे-10 सीई चीन के जे-10 सी का निर्यात संस्करण है, जो पहले ही चीनी वायुसेना में सेवा में है। पाकिस्तान ने मई में भारत के साथ चार दिन के सैन्य संघर्ष के दौरान चीनी जे-10 सी विमानों का उपयोग किया था। रिपोर्ट के अनुसार, मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के कार्यालय ने प्रत्येक विमान की कीमत 60 मिलियन डॉलर और पूरे बेड़े की कीमत 1.2 अरब डॉलर आंकी है, जबकि प्रशिक्षण, उपकरण और ढुलाई पर 820 मिलियन डॉलर खर्च होंगे। बीमा, वैट, एजेंसी कमीशन, नागरिक कार्यों और अन्य खर्चों को जोड़ने पर कुल लागत 2.20 अरब डॉलर हो जाती है।
मार्च में अंतरिम सरकार के प्रमुख के कार्यालय ने कहा था कि यूनुस ने चीन की अपनी यात्रा के दौरान लड़ाकू विमानों की खरीद पर चर्चा की थी, जिस पर चीन ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
रक्षा विश्लेषक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) एएनएम मुनिरुज्जमान ने कहा कि वायुसेना लंबे समय से नए लड़ाकू विमानों को खरीदने की योजना बना रही है। लेकिन यह मामला अभी मूल्यांकन के चरण में है। उन्होंने कहा, आज दुनिया में एक नया भू-राजनीतिक विभाजन है, इसलिए किसी भी देश से विमान खरीदने से पहले भू-राजनीतिक प्रभाव का विश्लेषण करना जरूरी है।
‘वार पावर बांग्लादेश’ पोर्टल के मुताबिक, बांग्लादेश वायु सेना के पास कुल 212 विमान है, जिनमें 44 लड़ाकू विमान शामिल हैं, जिनमें 36 चीन निर्मित एफ-7 हैं। बांग्लादेश वायु सेना के पास अभी दो तरह के विमान हैं। एक वे जिनके पंख सीधे होते हैं और दूसरे वे जिनमें घूमने वाले पंख (रोटरी व्हील) होते हैं। इनमें कुछ पुराने और कुछ नए विमान शामिल हैं। मुख्य लड़ाकू विमान अभी भी पुराना एफ-7 है, लेकिन आठ मिग-29 बी नाम के नए और ज्यादा ताकतवर लड़ाकू विमान भी हैं। साथ ही, कुछ छोटे रूसी याक-130 विमान हल्के हमले के लिए हैं।
