यूपी : प्रेमी संग युवती गर्भपात कराने पहुंची क्लिनिक, हालत बिगड़ी हुई मौत; ताला लगाकर भागे डॉक्टर

UP-Lovers-Lady-Death

महराजगंज : यूपी के महराजगंज स्थित कोठीभार थाना क्षेत्र के एक गांव की गर्भवती युवती प्रेमी के साथ निचलौल कस्बे के एक क्लिनिक पर गर्भपात कराने गई। इस दौरान उसकी हालत काफी गंभीर हो गई। इसके बाद उसे सीएचसी निचलौल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया। मामले में आरोपी प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं गर्भपात कराने वाला कथित डॉक्टर फरार है।

शादी से पहले संतान होने का सताने लगा था डर : जानकारी के मुताबिक, कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव की रहने वाली युवती (21) का प्रेम प्रसंग गांव से कुछ दूर खेसरारी भरपटिया गांव के रहने वाले श्याम कुमार से चल रहा था। दोनों चोरी छिपे मिलकर शारीरिक संबंध स्थापित कर लिया। इसके बाद युवती गर्भवती हो गई। वहीं शादी से पहले गर्भवती होने से समाज में बदनामी का डर उसको सताने लगा। इतना ही नहीं परिजनों को इसकी भनक न लग सके इसके लिए दोनों रविवार को निचलौल शहर के यादव चौराहा स्थित एक क्लिनिक पर संपर्क किया।

युवती को बाहर कर डॉक्टर क्लिनिक पर ताला मारकर हुए फरार : इस दौरान क्लिनिक के कर्मियों के झांसे में आकर युवती गर्भपात कराने के लिए भर्ती भी हो गई। गर्भपात के दौरान युवती की हालत बिगड़ने लगी। ऐसे में क्लिनिक संचालक सहित कर्मियों ने युवती को क्लिनिक से बाहर कर ताला बंद करने के बाद मौके से भाग निकले।

सामुदायिक अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित : युवती को लोगों की मदद से आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों ने युवती की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच करने के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस युवती के शव को कब्जे में लेते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

पुलिस ने प्रेमी को किया गिरफ्तार : थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेने के साथ ही आरोपी प्रेमी श्याम कुमार निवासी खेसरारी भरपटिया थाना कोठीभार को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

युवती सात महीने की गर्भवती थी : पुलिस के पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी प्रेमी श्याम कुमार ने बताया कि प्रेमिका सात महीने की गर्भवती हो गई थी। ऐसे में अब समाज में प्रेमिका को लाज बचाने का डर के साथ ही परिजनों से इसका राज छुपाना मुश्किल हो गया था। फिर वह उसको लेकर गांव और शहर से दूर निचलौल शहर पहुंचा था। कम पैसे में बेहतर ढंग से गर्भपात कराने का झांसा देकर क्लिनिक में भर्ती कर लिया। गर्भपात कराने के दौरान प्रेमिका के साथ क्लिनिक में रूक गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *