अमेरिका : यौन अपराधी एपस्टीन मामले में सामने आयी तस्वीरों पर ट्रंप बोले- ‘कोई बड़ी बात नहीं’

US-Trump-on-Tariff-to-India

नई दिल्ली/वाशिंगटन : यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन का मामला एक बार फिर चर्चा में है। कारण है कि हाउस ओवरसाइट कमेटी के डेमोक्रेट्स ने शुक्रवार को दिवंगत देह व्यापारी जेफ्री एपस्टीन के एस्टेट से प्राप्त तस्वीरों का दूसरा सेट जारी किया। इन 19 नई तस्वीरों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स, पूर्व ट्रेजरी सचिव लैरी समर्स और फिल्म निर्माता वूडी एलन समेत कई जाने-माने राजनीतिक और व्यावसायिक हस्तियां दिखाई दे रही हैं। अब ऐसे में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जारी इन तस्वीरों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

डोनाल्ड ट्रंप ने डेमोक्रेट्स के द्वारा जारी की गई तस्वीर पर हल्के अंदाज में प्रतिक्रिया दी। शुक्रवार को ट्रंप ने कहा कि हाल ही में सामने आई तस्वीरें जिनमें वह देह व्यापारी अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ दिख रहे हैं, ‘कोई बड़ी बात नहीं हैं। मीडिया ने उनसे इन तस्वीरों के बारे में सवाल किया, तो ट्रंप ने कहा कि मैंने इन्हें नहीं देखा, लेकिन हर कोई इस आदमी को जानता था। वह पाम बीच में बहुत मशहूर था। उसके पास हर किसी के साथ फोटो हैं। इसलिए यह कोई बड़ी बात नहीं है। मैं उसके बारे में कुछ नहीं जानता।

हाउस ओवरसाइट कमेटी ने जारी की तस्वीर : बता दें कि ये तस्वीरें हाउस ओवरसाइट कमेटी द्वारा जारी की गई हैं, जिसमें एपस्टीन के साथ कई प्रमुख व्यक्तियों जैसे ट्रंप, बिल क्लिंटन, बिल गेट्स, रिचर्ड ब्रैनसन और स्टीव बैनन भी नजर आ रहे हैं। कमेटी के अनुसार ये तस्वीरें एपस्टीन की संपत्ति से मिली 95,000 से अधिक तस्वीरों का केवल छोटा हिस्सा हैं।

तस्वीरों में कुछ हल्के मजाक वाले पलों को भी दिखाया गया है, जैसे एक बोतल पर ट्रंप की कार्टून तस्वीर वाली नॉवेल्टी कंडोम। अन्य तस्वीरों में स्टीव बैनन का मिरर सेल्फी, बिल क्लिंटन और एपस्टीन के साथ घिसलेन मैक्सवेल की मौजूदगी, और बिल गेट्स के साथ प्रिंस एंड्रयू भी देखे गए हैं। हालांकि, इन तस्वीरों में कोई आपराधिक गतिविधि नहीं दिखाई दे रही और यह साफ नहीं है कि ये तस्वीरें कब, कहाँ और किसने खींची थीं।

व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ने दी प्रतिक्रिया : ट्रंप से पहले इस मामले में व्हाइट हाउस की प्रवक्ता एबिगेल जैकसन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हाउस डेमोक्रेट्स ने ‘चुनिंदा तस्वीरें और कुछ हिस्सों को छुपाकर’ गलत कहानी पेश करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन ने एपस्टीन के पीड़ितों के लिए पारदर्शिता की मांग की, हजारों दस्तावेज जारी किए और डेमोक्रेट नेताओं के कथित संबंधों की जांच की। जैकसन ने इस बात पर भी जोर दिया कि राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ डेमोक्रेट्स की यह साजिश बार-बार झूठी साबित हुई है। ट्रंप प्रशासन ने एपस्टीन के पीड़ितों के लिए डेमोक्रेट्स से ज्यादा काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *