उज्जैन : लव जिहाद की झांकी निकालने को लेकर अब नए विवाद शुरू हो गए हैं। कुछ दिनों पहले घटिया थाना क्षेत्र में भगवान शिव की सवारी के दौरान लव जिहाद की झांकी निकालने पर बवाल मचा था।
ऐसा ही कुछ आज महिदपुर थाना क्षेत्र में देखने को मिला, जहां लव जिहाद की झांकी निकाले जाने पर मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध जताया और दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। नारेबाजी से शुरू हुए इस विवाद में पथराव तक होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार महिदपुर के जेल रोड से शुक्रवार को भगवान सिद्धिविनायक का परंपरागत जुलूस निकाला जा रहा था, जिसमें लव जिहाद की झांकी निकाले जाने की खबर जैसे ही मुस्लिम समाज को लगी तो उन्होंने मोती मस्जिद के पास से निकल रहे इस जुलूस को रोका और उसके बाद झांकी को लेकर विवाद करना शुरू कर दिया।
स्थिति कुछ ऐसी बनी की चारों ओर अफरा तफरी मच गई और नारेबाजी के बीच पथराव तक होने लगा। घटना की जानकारी लगते ही महिदपुर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार और एसडीएम अजय हिंगे ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले को कंट्रोल किया इसके बाद यह जुलूस पुलिस की मौजूदगी में निकाला जा रहा है।
पुलिस के अनुसार सिध्दीविनायक गणेश के जुलूस में लव जिहाद की झांकी लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से निकली जा रही थी, लेकिन इस झांकी पर मुस्लिम समाज का कड़ा विरोध था। उन्होंने झांकी को लेकर आपत्ति जताई और मोती मस्जिद क्षेत्र में काफी देर तक इस जुलूस को आगे नहीं निकलने दिया गया।
लोगों के अनुसार स्थिति कुछ ऐसी बन गई थी कि अफरा तफरी मचने से महिदपुर क्षेत्र के बाजार तक बंद हो गए थे। चारों ओर पुलिस ही पुलिस नजर आ रही थी।
