इंदौर : मध्य प्रदेश में इंदौर के होलकर स्टेडियम में महिला विश्व कप के लिए क्रिकेट मैच हो रहे हैं। इसमें भाग लेने के लिए ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की टीम रेडिसन होटल में रुकी हुईं हैं। होटल से कैफे तक जाने के रास्ते पर ऑस्ट्रेलिया टीम की दो महिला खिलाड़ियों के साथ छेड़खानी करने और उन्हें गलत तरीके से छूने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वह बाइक पर सवार था। दो महिला खिलाड़ी होटल से आधा किलोमीटर दूर स्थित कैफे तक पैदल जा रही थीं। इस बीच बाइक सवार ने दोनों खिलाड़ियों को छू लिया। सहमी महिला खिलाड़ी ने अपने सुरक्षा अधिकारी को सूचना दी। खबर पुलिस तक पहुंची तो छह थानों को अलर्ट कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने आजाद नगर निवासी अकील को गिरफ्तार कर लिया।
मनचले की बाइक का नंबर नोट कर लिया था : छेड़छाड़ करने वाले युवक ने जब महिला खिलाड़ियों के साथ छेड़खानी की तो एक राहगीर ने बाइक सवार का नंबर नोट कर लिया। एक अन्य कार सवार ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद पुलिस अफसर सक्रिय हुए। इस मामले में इंटेलिजेंस चूक हुई है। होटल के आसपास पर्याप्त सुरक्षा नहीं लगाई गई थी।
सीसीटीवी फुटेज से पहचान हुई : ऑस्ट्रेलिया की दो खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद पुलिस अफसर सक्रिय हुए। मार्ग के आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे गए। आरोपी को दोनों महिला क्रिेकेटरों ने पहचान लिया। इसके बाद बाइक नंबर के आधार पर उसकी तलाश शुरू की गई। शाम तक पुलिस ने उसकी जन्म कुंडली निकाल ली और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अकील पर पहले भी केस दर्ज हो चुके हैं। इस घटना की जानकारी क्रिकेट बोर्ड और प्रशासन को भी दी गई। इस घटना के बाद होटल और स्टेडियम में अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ाई गई है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण : इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो सदस्यों के साथ कथित छेड़छाड़ की घटना पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि यह एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इस तरह की घटना से बदनामी होती है। हम अपराधी को पकड़ने के लिए त्वरित कार्रवाई करने के लिए राज्य पुलिस (मध्य प्रदेश) की सराहना करते हैं। अपराधी को दंडित करने के लिए कानून को अपना काम करना चाहिए।
आरोपी की हुई पहचान, दर्ज हुआ केस : एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच, राजेश दंडोतिया ने बताया कि महिला ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के सुरक्षा अधिकारियों ने शिकायत दर्ज कराई कि टीम के दो सदस्यों को अनुचित व्यवहार का सामना करना पड़ा। एक प्राथमिकी दर्ज की गई, और एक गहन रणनीतिक ऑपरेशन के बाद आरोपी की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी अकील आजाद नगर का निवासी है। उस पर बीएनएस की धारा 74 और 78 के तहत आरोप लगाए गए हैं। यह घटना 23 अक्टूबर को सुबह 11 बजे के आसपास हुई, जब महिला ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम की सदस्य अपने होटल से एक कैफे की ओर जा रही थीं। हम जांच कर रहे हैं कि सुरक्षा प्रोटोकॉल में कोई कमी थी या नहीं।
