महाराष्ट्र : मुंबई के स्टूडियो में ऑडिशन देने आये 17 बच्चे बने बंधक, पुलिस फायरिंग में आरोपी शख्स की मौत 

मुंबई : महाराष्ट्र में मुंबई के पवई स्थित आरए स्टूडियो में 17 बच्चों को बंधक बनाने वाले आरोपी रोहित आर्य की पुलिस की गोली लगने से मौत हो गई। इससे पहले गुरुवार को रोहित ने ऑडिशन के लिए आए बच्चों को बंधक बना लिया था। पुलिस ने उससे बातचीत की कोशिश की थी, लेकिन बात नहीं बनी। फिर पुलिस बाथरूम के रास्ते अंदर घुसी और सभी बच्चों को सुरक्षित बचा लिया।

शुरुआत में मुंबई पुलिस के हवाले से यह जानकारी सामने आई थी कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, कुछ ही देर बाद यह खबर आई कि आरोपी रोहित आर्य की गोली लगने से मौत हो गई है।

बंधकों को बचाते वक्त गोली चली थी : सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने बंधकों को बचाते वक्त आरोपी पर गोली चलाई थी। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से तुरंत कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

बंधक बनाने वाले ने कहा था- उकसाया तो आग लगा दूंगा : बताया जा रहा है कि आरोपी रोहित आर्य स्टूडियो में ही काम करता था। उसने एक वीडियो भी जारी किया था। इसमें उसने धमकी दी थी, ”मैं रोहित आर्य। मैंने आत्महत्या करने की जगह एक प्लान बनाया और कुछ बच्चों को यहां बंधक बनाया। मेरी कुछ ज्यादा मांगें नहीं हैं। मेरी कुछ नैतिक मांगें हैं। कुछ लोगों से सवाल पूछने हैं। मुझे उनके जवाब चाहिए। न मैं आतंकी हूं, न मेरी पैसों की कोई मांग है। मुझे आसानी से बात करनी है, इसी के लिए बच्चों को बंधक बनाया है। अगर जिंदा रहा तो मैं यह करूंगा, लेकिन होगा जरूर। आपकी तरफ से एक छोटा सा कदम मुझे उकसा देगा और मैं पूरी जगह को आग लगाकर मर जाऊंगा। इससे बच्चों को बेवजह नुकसान होगा, वे निश्चित तौर पर डर जाएंगे। इसका जिम्मेदार मुझे न माना जाए। मैं सिर्फ बात करना चाहता हूं। मैं अकेला नहीं हूं, मेरे साथ कई सारे लोग हैं, जिन्हें परेशानियां हैं।”

बंधकों में 17 बच्चे थे, बाथरूम के रास्ते घुसी पुलिस : मुंबई पुलिस को अभिभावकों की तरफ से गुरुवार दोपहर 1:45 बजे फोन आया था। पुलिस ने पहले आरोपी से बातचीत की कोशिश की। जब बात नहीं बनी, तो पुलिस बाथरूम के रास्ते अंदर घुसी। बताया जा रहा है कि बंधकों में 17 बच्चे थे। इनके अलावा दो और लोग थे, जिनमें एक बुजुर्ग भी शामिल थे। ये सभी अब सुरक्षित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *