यूएई के हिरासत में अभिनेत्री सेलिना जेटली के रिटायर्ड मेजर भाई, लगातार संपर्क में है भारतीय दूतावास

Actress-Celina-Major-Brother-in-UAE

नई दिल्ली : बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली के भाई मेजर (सेवानिवृत्त) विक्रांत जेटली की यूएई में हिरासत पर भारत सरकार सक्रिय हो गई है। दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देश के बाद विदेश मंत्रालय (एमईए) ने विक्रांत जेटली को हर संभव मदद देने की बात पर जोर देते हुए कहा कि भारतीय दूतावास लगातार संपर्क में है और विक्रांत को हर संभव कानूनी व कांसुलर सहायता दी जा रही है। विदेश मंत्रालय ने इस बात की जानकारी शुक्रवार को दी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारतीय दूतावास इस मामले पर नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि हमने विक्रांत जेटली से अब तक चार बार मुलाकात की है। हम उनकी पत्नी और परिवार के संपर्क में हैं। इसके साथ ही जायसवाल ने आगे इस बात पर भी जोर दिया कि किसी भी भारतीय नागरिक को जब विदेश में सहायता की जरूरत होती है, तो सरकार पूरी मदद करती है।

बता दें कि एक साल से यूएई की जेल में बंद विक्रांत जेटली की रिहाई को लेकर जब अभिनेत्री सेलिना जेटली दिल्ली हाईकोर्ट पहुंची। सेलिना ने याचिका दायर कर अपने भाई के लिए कानूनी मदद की मांग की। इसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने इस सप्ताह विदेश मंत्रालय को निर्देश दिया था कि वह विक्रांत जेटली को कानूनी सहायता मुहैया कराए।

अवैध रूप से हिरासत में लेने का आरोप : दिल्ली हाईकोर्ट में सेलिना जेटली की तरफ से दायर याचिका में दावा किया कि उनके भाई को सितंबर 2024 में यूएई में अवैध रूप से हिरासत में लिया गया था। ऐसे में अदालत के आदेश के बाद विदेश मंत्रालय ने कहा है कि विक्रांत जेटली को कानूनी प्रतिनिधित्व और आवश्यक मदद देने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *