नांदेड़ : महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक लड़की ने अपने माता-पिता के लिए मौत की सजा मांगी है। यह लड़की एक लड़के से प्रेम करती थी, जिसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या करवाने में लड़की के परिजनों का हाथ था, क्योंकि उन्हें प्रेम प्रसंग से आपत्ति थी। लड़की की मौत के बाद लड़की उसके शव के पास पहुंची और सिंदूर से अपनी मांग भर ली। इसके बाद अपने ही माता-पिता के लिए मौत की सजा की मांग की। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक और आरोपी दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड है।
घटना नांदेड़ शहर के जूना गंज इलाके की है। मृतक सक्षम और आंचल एक दूसरे से प्यार करते थे। हालांकि, आंचल के परिजन इस प्रेम संबंध का सख्त विरोध कर रहे थे और इसी विरोध की वजह से युवक सक्षम ताटे की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या की जानकारी मिलते ही प्रेमिका सक्षम के घर गई और अंतिम संस्कार से पहले शव के पास अपने माथे पर सिंदूर लगाया।
क्या है मामला? : नांदेड़ शहर के जूना गंज इलाके में गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक सक्षम आंचल का प्रेमी था और इलाके में घूम रहा था। इसकी भनक लगते ही लड़की के पिता गजानन मामिलवार ने अपने दो बच्चों और अपने दोस्त के साथ मिलकर प्रेमी सक्षम ताटे की बेरहमी से हत्या कर दी। पहले उसने उसे गोली मारी, फिर उसके सर पर बड़ा पत्थर मारकर मौत के घाट उतार दिया। सक्षम ताटे और आचल मामिलवार का गहरा प्रेम संबंध था। आंचल के परिवार को उनके प्यार की भनक लग गई थी। इसी वजह से उसकी हत्या कर दी गई।
12 घंटे में सभी आरोपी गिरफ्तार : मृतक युवक सक्षम लड़की के भाइयों का दोस्त था और वह घर आता-जाता था। लड़की के भाई ने सक्षम को यह कहकर समझाने की कोशिश की कि वह उसकी बहन से बात न करे। इसके बावजूद सक्षम ने प्रेमिका आंचल का साथ नहीं छोड़ा। आखिरकार लड़की के पिता गजानन मामिलवार, भाई साहिल मामिलवार, हिमेश मामिलवार ने दूसरे साथियों की मदद से उसे पीटा, गोली मारी और सर पर बड़ा पत्थर मारकर हत्या कर दी। मृतक और आरोपी का क्रिमिनल बैकग्राउंड था। मृतक युवक सक्षम की मां की शिकायत के आधार पर इतवारा पुलिस ने लड़की के माता-पिता और दो भाइयों समेत आठ लोगों के खिलाफ हत्या और अत्याचार का मामला दर्ज किया। बारह घंटे के अंदर पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
लड़की ने क्या कहा? : आंचल ने कहा, “मेरे माता-पिता और भाई को फांसी दो। सक्षम और मेरा तीन साल से प्रेम संबंध था। मेरे परिवार को यह मंजूर नहीं था। सक्षम के जेल से छूटने के बाद, मेरे परिवार वाले उसकी हत्या की साजिश रच रहे थे। वे मुझे धमका भी रहे थे। सक्षम अलग जाति से था, इस कारण उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। सक्षम के हत्यारों को मौत की सजा दी जाए और मुझे इंसाफ मिले। उसने कहा कि भले ही सक्षम अब नहीं रहा, हम अब भी सक्षम से प्यार करते हैं और मैं उसके घर पर ही रहूंगी। यह सुनकर सभी लोग अचंभित हो गए हैं। इस मामले की जांच पुलिस कर रही है।
