रांची : झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तैयारियों को लेकर बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने आगामी सत्र को सुचारू, व्यवस्थित और प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शीतकालीन सत्र 5 दिसंबर से शुरू होने वाला है, जिसे लेकर प्रशासनिक तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।
अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि सदस्यों के स्वीकृत अल्पसूचित और तारांकित प्रश्नों के उत्तर निर्धारित तिथि से एक दिन पूर्व शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से विधानसभा सचिवालय को भेज दिए जाएं। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी दीर्घा में उपस्थित रहें, ताकि किसी भी मुद्दे पर तुरंत जवाब या स्पष्टीकरण दिया जा सके। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि शून्यकाल से जुड़ी लंबित सूचनाओं और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के उत्तर समय पर उपलब्ध हों।
विधेयकों के संदर्भ में अध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सत्र में रखे जाने वाले किसी भी विधेयक की सूचना, संबंधित मंत्री का पत्र और विधेयक की प्रति निर्धारित तिथि से तीन दिन पहले सचिवालय को सौंपना अनिवार्य होगा। यदि कोई संशोधन विधेयक पेश किया जाना है, तो उसके लिए मूल अधिनियम (अद्यतन संशोधन सहित) की पांच प्रतियां भी सचिवालय को उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि सदस्यों को समय पर प्रतियां वितरित की जा सकें।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, कार्यपालक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, और सत्र के दौरान वाहनों के आवागमन से संबंधित तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा हुई। इस बैठक में संसदीय कार्य मंत्री, मुख्य सचिव, विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी और रांची जिला प्रशासन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
