J&K : संवेदनशील इलाकों में घूमते धराया चीनी नागरिक, बिना इजाजत लद्दाख-कश्मीर में जुटा रहा था जानकारी 

Chinese-in-Kashmir-Arrested

श्रीनगर : सेना द्वारा इंटरनेट पर पकड़ी गई एक असामान्य बातचीत के बाद कश्मीर में अलर्ट सुरक्षा एजेंसियों ने चीन के नागरिक को हिरासत में लिया है। वह बिना इजाजत लद्दाख और कश्मीर के संवेदनशील इलाकों में घूम रहा था।

अधिकारियों ने रविवार को बताया कि 29 साल का हू कोंगताई 19 नवंबर को टूरिस्ट वीजा पर दिल्ली आया था जिससे उसे वाराणसी, आगरा, नई दिल्ली, जयपुर, सारनाथ, गया और कुशीनगर में बौद्ध धार्मिक स्थलों पर जाने की इजाजत थी। वह 20 नवंबर को लेह के लिए फ्लाइट में चढ़ गया और लेह एयरपोर्ट पर स्थित फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस काउंटर पर रजिस्ट्रेशन नहीं कराया।

अधिकारियों ने बताया कि अपने रहने के दौरान उसने तीन दिनों तक जंस्कार इलाके का दौरा किया और एक दिसंबर को श्रीनगर पहुंचने से पहले हिमालयी शहर में महत्वपूर्ण जगहों पर गया। उसके फोन की हिस्ट्री की जांच से पता चला कि वह घाटी में सीआरपीएफ की तैनाती के बारे में जानकारी ढूंढ रहा था और उससे कई एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।

अधिकारियों के अनुसार उसने बाजार से एक भारतीय सिम कार्ड का इंतजाम किया था। श्रीनगर में रहते हुए वह एक गैर पंजीकृत गेस्ट हाउस में रुका था। चीनी नागरिक हरवान में एक बौद्ध धार्मिक स्थल पर भी गया। ये वह जगह है जहां पिछले साल एक मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का एक आतंकवादी मारा गया था।

अधिकारियों और उसके फोन से निकाले गए डेटा के अनुसार उसने दक्षिण कश्मीर में अवंतीपोरा के खंडहरों का भी दौरा किया था जो दक्षिण कश्मीर में सेना के विक्टर फोर्स मुख्यालय के पास स्थित है। वह शंकराचार्य पहाड़ियां, हजरतबल और डल झील के किनारे मुगल गार्डन भी गया। अधिकारियों ने बताया कि उसके फोन की हिस्ट्री में सीआरपीएफ की तैनाती और संविधान के अनुच्छेद 370 से संबंधित सर्च दिखे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *