हापुड़ : यूपी के हापुड़ स्थित सबसे व्यस्त तहसील चौपले से बाइक सवार युवक युवती भीख मांगने वाले एक तीन वर्षीय मासूम को लेकर फरार हो गए। बच्चे के बड़े भाई के अनुसार युवक युवती उसे और उसके मासूम को चिप्स दिलाने के बहाने बाइक पर बिठाकर ले गए थे और उसे वापस छोड़कर छोटे भाई को लेकर फरार हो गए। जानकारी मिलने पर पुलिस चौरहे के सीसीटीवी खंगाल रही है।
मूल रूप से कासंगज जिला निवासी हसीना ने बताया कि वह काफी समय से हापुड़ में बुलंदशहर रोड पर झुग्गी झोपड़ी में रहती है। वह और उसका बड़ा बेटा मोहब्बत और तीन साल का छोटा बेटा हारुन तहसील चौपले के आसपास भीख मांगने का काम करता है।
शुक्रवार की देर शाम मोहब्बत और हारुन तहसील चौपाले पर भीख मांग रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर युवक और युवती आकर रुके और चिप्स दिलाने के नाम पर मोहब्बत और तीन साल के हारुन को बाइक पर बिठा लिया। कुछ देर घुमाने के बाद बाइक सवार युवक युवती ने उन्हें चिप्स दिलाए और मोहब्बत को वापस तहसील चौपले पर छोड़ दिया। लेकिन हारुन को साथ लेकर फरार हो गए।
मोहब्बत ने घर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी मां को दी। जिसके बाद तहसील चौपले पर पहुंची मां ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार बिष्ट का कहना है कि तहसील चौपले के आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। जिसके आधार पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
