बिहार : कटिहार में फेरीवाले अकमल की लाठी-डंडों से पिटाई, बांग्लादेशी कहकर मारपीट-लूटपाट

Katihar-Hawker-Assault

कटिहार : बिहार के कटिहार जिले से बांग्लादेशी कहकर एक फेरीवाले के साथ मारपीट और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। घटना कोढ़ा थाना क्षेत्र की है। सिमरिया गांव निवासी अकमल हुसैन के साथ दो लोगों ने बांग्लादेशी कहकर मारपीट और लूटपाट की है। बताया जाता है कि अकमल हुसैन गांव-गांव जाकर फेरी लगाकर बर्तन बेचते हैं। पीड़ित ने पोठिया थाना और कोढ़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित अकमल हुसैन (25) ने बताया है कि वो 11 जनवरी की शाम 5 बजे फेरी के लिए समेली चौक थाना क्षेत्र के चकला गांव गए थे। वहां वह बर्तन बेच रहे थे। इसी दौरान साइकिल से दो व्यक्ति आए। उन्होंने उनसे नाम पूछा। नाम बताते ही ‘बाहरी और बांग्लादेशी’ कहकर दोनों गाली गलौज करने लगे।फिर लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। इस दौरान जेब में रखे कमाई के 12 हजार रुपये भी छीन लिए और फरार हो गए।

फेरीवाले ने बताया कि दोनों ने पिटाई के दौरान कहा कि ‘आए दिन फेरीवाले बांग्लादेशी यहां आकर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करते है।’

‘बोलचाल में बंगला टोन, इसी वजह से मारपीट करना ठीक नहीं’ : इस मामले पर शेरशाहवादी विकास मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मो. सगीर ने बताया कि ‘बांग्लादेश में हुई घटना के बाद बिहार में शेरशाहवादी समाज को चिन्हित कर पिटाई की जा रही है। हमारी जो मातृभाषा है, बोलचाल में बंगला टोन है। इसी को लेकर कुछ लोग इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे है। ये सही नहीं है। हमारे समाज को टारगेट करना उचित नहीं है। सरकार से हमारी मांग है कि ऐसे लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।’

मामले पर क्या कहना है अधिकारी का? : वहीं इस मामले पर कटिहार के कोढ़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार ने बताया है कि मामले पर आवेदन मिला है। दो लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। मामले को जांच की जा रही है, जल्द ही मामले पर गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *