Asia Cup : भारत ने रोमांचक मैच में ओमान के खिलाफ 21 रन से दर्ज की जीत, हार्दिक ने लपका शानदार कैच 

Ind-Oma-Asia-Cup-Won

नई दिल्ली : भारत ने अपने आखिरी ग्रुप मैच में ओमान के खिलाफ 21 रन से जीत दर्ज की. शेख जायद स्टेडियम में भले ही टीम इंडिया को जीत मिल गई, लेकिन ओमान के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों ने एक समय भारत की सांसें अटका दी थीं. पारी के 18वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने एक शानदार कैच लपका, जहां से मुकाबला भारत की ओर मुड़ा और सूर्यकुमार यादव एंड कंपनी ने जीत दर्ज की. टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 8 विकेट खोकर 188 रन का स्कोर खड़ा किया. टारगेट का बेहद ही शानदार तरीके से पीछे करते हुए ओमान की टीम जीत के करीब तो पहुंची, लेकिन चंद रनों के फासले से हार का सामना करना पड़ा. ओमान ने पूरे ओवर खेलकर 4 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए.

आमिर-हम्माद ने अटका दी थीं टीम इंडिया की सांसें : 189 रनों का बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए ओमान को कप्तान और ओपनर बल्लेबाज जतिंदर सिंह और आमिर कलीम ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी हुई. जतिंदर (32) कुलदीप का शिकार बने. इसके बाद अलीम ने हम्माद मिर्जा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए बड़ी साझेदारी की और भारतीय गेंदबाजों और कप्तान के सारे प्लान ध्वस्त करते हुए ओमान के लिए जीत का प्लेटफॉर्म सेट कर दिया और टीम इंडिया की सांसें अटका दी थीं. ओमान का स्कोर एक समय एक विकेट पर 149 रन था. आमिर-हम्माद ने तेज बैटिंग करते हुए जीत की ओर कदम बढ़ाना शुरू कर दिए थे. हालांकि, हार्दिक पांड्या का एक बेहतरीन कैच टीम इंडिया की जीत का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.

हार्दिक के एक कैच ने जिताया मैच : पारी के 18वें ओवर में सूर्यकुमार यादव ने हर्षित राणा को गेंद थमाई. ओवर की चौथी गेंद पर आमिर ने फाइन लेग की ओर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन बाउंड्री पर दौड़ते हुए हार्दिक पांड्या ने एक हैरतअंगेज कैच लपका. इस कैच ने भारत को मुकाबले में वापसी का मौका दिया, जिसके बाद टीम को जीत मिली. आमिर ने 46 गेंदों में 7 चौके और दो छक्कों की मदद से 64 रन बनाए. इतना ही नहीं, इसके अगले ओवर में हार्दिक ने हम्माद मिर्जा (51 रन) को आउट कर दिया, जिसके बाद ओमान की जीत की उम्मीदें टूट गईं. हम्माद ने 5 चौके और दो छक्के लगाए. भारत को मुकाबले में सिर्फ चार विकेट मिले. हार्दिक, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और कुलदीप यादव ने एक-एक विकेट लिया.

सूर्यकुमार ने टॉस जीतकर चुनी थी बैटिंग : ओमान की बैटिंग से पहले भारतीय क्रिकेट टीम ने जीत के लिए 189 रन का लक्ष्य दिया. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था. टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 6 के स्कोर पर शुभमन गिल के रूप में पहला झटका लगा.

अभिषेक की तूफानी पारी : इसके बाद अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने दूसरे विकेट के लिए 66 रन की तेज साझेदारी की. 72 के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका अभिषेक शर्मा के रूप में लगा. अभिषेक 15 गेंद पर 2 छक्के और 5 चौके की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए. हार्दिक पांड्या 1 और शिवम दुबे 5 रन बनाकर आउट हुए. अक्षर पटेल ने 13 गेंद पर 26 रन बनाए.

सैमसन ने ठोका अर्धशतक : इस बीच संजू सैमसन ने अपना अर्धशतक पूरा किया. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सैमसन ने 45 गेंद पर 3 चौके और 3 छक्के लगाते हुए 56 रन की पारी खेली. तिलक वर्मा ने 18 गेंद पर 29 रन की पारी खेली. कप्तान सूर्यकुमार यादव अन्य खिलाड़ियों को बल्लेबाजी का मौका देने के उद्देश्य से क्रीज पर नहीं उतरे. उन्होंने हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव को भी बल्लेबाजी के लिए भेजा. हर्षित 8 गेंद पर 13 और कुलदीप 3 गेंद पर 1 रन बनाकर नाबाद रहे. भारतीय टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 188 रन बनाए.

आखिरी ओवरों में ओमान की बेहतरीन बॉलिंग : ओमान की तरफ से शाह फैसल ने 2, जितेंद्र रामानंदी ने 23 और आमिर कलीम ने 2 विकेट लिए. भारतीय क्रिकेट टीम ग्रुप ए में शीर्ष पर है और सुपर-4 में पहले ही जगह बना चुकी है. टीम इंडिया के लिए ओमान के खिलाफ खेला जा रहा मैच अभ्यास की तरह है. यही वजह है कि जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती को आराम दिया गया और सभी खिलाड़ियों को बल्लेबाजी का मौका दिया गया.

अब भारत का सामना पाकिस्तान से : टीम इंडिया ने जीत की हैट्रिक के साथ ग्रुप ए में टॉप किया. अब भारत का सामना अपने पहले सुपर-4 मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से है. यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में 21 सितंबर को खेला जाएगा. सुपर-4 की शुरुआत 20 सितंबर को श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच होने वाले मैच से होगी. श्रीलंका ने ग्रुप-बी के सभी तीन मुकाबले जीते और टॉपर बनी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *