मानसून का दिखने लगा असर, 19 राज्यों में तूफानी आंधी-बारिश का अलर्ट

Weather-Alert

नई दिल्ली : देश के कई राज्यों में जारी भीषण गर्मी के बीच मानसून की एंट्री हो रही है, ऐसे में मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत 19 राज्यों में तूफानी आंधी-बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इसके अलावा कुछ राज्यों में हल्की ओलावृष्टि भी हो सकती है।

IMD के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून 23 मई 2026 को और आगे बढ़ गया है। मानसून ने दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी के बड़े हिस्सों और अंडमान सागर के अधिकांश इलाकों को कवर कर लिया है। अगले 3-4 दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इससे केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जो मानसून की सक्रियता का संकेत है।

दिल्ली में बारिश के साथ लू का अलर्ट (24-26 मई): दिल्ली में मौसम विभाग ने बारिश के साथ लू का अलर्ट जारी किया है। IMD की भविष्यवाणी के अनुसार, आज मौसम साफ रहेगा। कुछ स्थानों पर लू चलने का अलर्ट जहै। जबकि 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं तापमान के 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। वहीं 25 मई को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है, इस दौरान आंधी भी देखने को मिल सकती है। 26 मई को भी लू की स्थिति बनी रहेगी।

उत्तर प्रदेश में बारिश का अलर्ट (24-29 मई): मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, शामली, बुलंदशहर, सहारनपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ आंधी-बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वी और पश्चिमी यूपी में 24 से 29 मई तक लू चलने का अलर्ट है। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, नोएडा, आगरा, गोरखपुर, वाराणसी और झांसी में गर्मी के साथ तेज हवाओं और कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है।

बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट ( 24-29 मई): बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर, दरभंगा और राजगीर में आंधी-बारिश और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। क्योंकि मौसम विभाग ने 24, 28 और 29 मई को कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान 24 मई को तेज आंधी देखने को मिल सकती है। जबकि 25 और 26 मई को भारी बारिश होने की संभावना है।

शहर अधिकतम तापमान (24 मई)न्यूनतम तापमान (24 मई)
दिल्ली44°C32°C
मुंबई33°C31°C
चेन्नई37°C29°C
कोलकाता37°C30°C
लखनऊ42°C29°C
पटना41°C28°C
रांची39°C27°C
भोपाल42°C30°C
जयपुर42°C31°C
शिमला30°C19°C
नैनीताल32°C23°C

पंजाब में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना (24-29 मई): पंजाब में इन दिनों भीषण गर्मी से हाल बेहाल है। मौसम विभाग ने 28 और 29 मई को तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान 24 से 29 मई तक लू चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है। चंडीगढ़, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, मोहाली और जालंधर में गर्मी के बीच तेज हवाएं चल सकती हैं।

हिमाचल प्रदेश में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट (24-29 मई): हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, धर्मशाला, मंडी, हमीरपुर और चंबा में तेज हवाएं और हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 29 तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं कई जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।

उत्तराखंड में ओलावृष्टि के आसार (24-25 मई): उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और हरिद्वार में मौसम बदलने के आसार हैं। राज्य में 25 मई को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाओं का दौर भी जारी रहेगा।

झारखंड में बारिश के साथ लू का अलर्ट (24-29 मई): मौसम विभाग के अनुसार, रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, देवघर और पाकुड़ में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं राज्य में 26 से 29 मई के दौरान कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। जबकि 24 और 25 मई को आंधी चल सकती है।

जम्मू-कश्मीर में बारिश का अलर्ट (24-25 मई): IMD के लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू, पहलगाम, बारामूला, अनंतनाग और कठुआ में मौसम बदला रहेगा। 24 और 25 मई को गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *