कानपूर : यूपी के कानपुर में निवेश पर भारी मुनाफा देने का झांसा देकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर की जा रही ठगी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से मिली जानकारी ने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने न केवल आम लोगों बल्कि बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद और रेसलर द ग्रेट खली से भी ठगी की है. सेलिब्रिटीज के नाम का दुरुपयोग कर आरोपी पीड़ितों का विश्वास जीतता था और उन्हें निवेश के लिए तैयार करता था.
कैसे हुआ खुलासा? : बीते दिनों पुलिस ने आरोपी को 42 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था. दिल्ली के एक व्यक्ति से इस रकम की ठगी के बाद जब आरोपी को रिमांड पर लिया गया तो खुलासा हुआ कि वह लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोगों को निशाना बना रहा था. रिमांड में आरोपी ने कबूला कि उसने जापान, चीन, दुबई, पाकिस्तान और कई अन्य देशों के लोगों से करोड़ों रुपये ऐंठे हैं. वह फर्जी इन्वेस्टमेंट प्लान दिखाकर और नामी हस्तियों के नाम का हवाला देकर लोगों को झांसे में लेता था.
सोनू सूद और खली की ओर से कोई भी शिकायत पत्र नहीं मिला : पुलिस का कहना है कि गिरोह कई वर्षों से सक्रिय है और तकनीकी माध्यमों का उपयोग कर विदेशी नागरिकों को टारगेट करता था. आरोपी के नेटवर्क में और भी लोगों के शामिल होने की आशंका है, जिनकी पहचान की जा रही है. वहीं, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल सोनू सूद और खली की ओर से कोई भी शिकायत पत्र प्राप्त नहीं हुआ है. पुलिस का कहना है कि यदि उनकी तरफ से शिकायत मिलती है तो उस पर अलग से मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी.
फिलहाल आरोपी से लगातार पूछताछ जारी है और पुलिस उसके बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजैक्शन और अन्य दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है. मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर का होने के कारण रिपोर्ट अन्य जांच एजेंसियों को भी भेजी जा रही है, ताकि विदेशों में हुए फ्रॉड को भी सत्यापित किया जा सके.
एडीसीपी का बयान : पूर्वी एडीसीपी अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि रवींद्रनाथ सोनी के खिलाफ अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, जापान समेत कई अन्य देश के लोगों से भी ठगी करने की जानकारी हुई है. यह कार्य उसने सात आठ लोगों के साथ मिलकर किया है. इस दौरान उन्होंने ये भी बताया कि इन लोगों की शिकायतें तो काफी आ रही है लेकिन उसमें अकाउंट की जानकारी नहीं है. इसके लिए ईडी और सीबीआई की मदद ली जाएगी.
