बिहार : कथित नरबलि की कोशिश, तांत्रिक गिरफ्तार

police-arrest-bihar pak-supporter

मधेपुरा : मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में रविवार रात कथित रूप से नरबलि के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने एक तांत्रिक को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के पास से एक चाकू बरामद होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। गिरफ्तार तांत्रिक की पहचान कन्हैया कुमार के रूप में हुई है, जो बेगूसराय जिले के तेघरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बाजार भागीरथी रोड वार्ड संख्या-3 का निवासी बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम आरोपी मुरलीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या-2 से 8, 13 और 16 वर्ष के तीन बच्चों को बहला-फुसलाकर कुमारखंड थाना क्षेत्र स्थित चंडीस्थान मंदिर ले गया। बताया जा रहा है कि रात के समय मंदिर परिसर में बच्चों को बैठाकर पूजा-पाठ किया जा रहा था। इसी दौरान एक बच्चे के परिजन वहां पहुंच गए। शोर-शराबा होने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए और तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

बच्चों ने बताया कि आरोपी पिछले तीन दिनों से इलाके में घूम रहा था। वह गौशाला में एक बीमार गाय के बछड़े के घाव पर मरहम लगाने के बहाने बच्चों से संपर्क करता था और बदले में उन्हें खाने-पीने का सामान और पैसे देता था। रविवार को उसने बच्चों को चंडीस्थान मंदिर चलने के लिए कहा। बच्चों के मना करने के बावजूद वह उन्हें ई-रिक्शा पर बैठाकर मंदिर ले गया।

एक बच्चे की मां शनिचरी देवी ने बताया कि जब रात आठ बजे तक बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। बाद में मोबाइल पर संपर्क करने पर पता चला कि बच्चा चंडीस्थान मंदिर में है, जिसके बाद परिजन वहां पहुंचे।

वहीं, आरोपी कन्हैया कुमार ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह केवल गौशाला पूजा और गाय के बछड़े की सेवा के लिए बच्चों को दवा दिलाने गया था। उसने दावा किया कि बच्चे उसकी सहमति से उसके साथ गए थे और उसने कोई गलत कार्य नहीं किया।

मुरलीगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी के झोले से कोई बड़ा हथियार नहीं, बल्कि सब्जी काटने वाला चाकू बरामद हुआ है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होता है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *