नई दिल्ली/दुबई : भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एशिया कप के मुकाबले में सात विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत ने पाकिस्तान को 25 गेंदों के शेष रहते हराकर मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। इसके बाद वह पवेलियन की तरफ लौट आए। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। ऐसा ही बाकी खिलाड़ियों ने भी किया। इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 127 रन बनाए। जवाब में भारत ने 15.5 ओवर में तीन विकेट पर 131 रन बनाए और मैच अपने नाम कर लिया।
भारतीय गेंदबाजों के बाद बल्लेबाजों ने भी निराश नहीं किया और आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत को एक बार फिर अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन दोनों पावरप्ले में ही अपने विकेट गंवा बैठे। गिल 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक ने 31 रन बनाए। इसके बाद मोर्चा कप्तान सूर्यकुमार ने तिलक वर्मा के साथ संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी हुई। तिलक 31 रन बनाकर आउट हुए। फिर शिवम दुबे और सूर्यकुमार ने मिलकर भारत के लिए जीत की औपचारिकता पूरी की। भारत के लिए सूर्यकुमार 47 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि दुबे 10 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान की ओर से तीनों विकेट सैम अयूब को मिले। भारत ने इसके साथ ही सुपर चार चरण के लिए दावा मजबूत कर लिया है।
पाकिस्तान की पारी : एशिया कप 2025 का महामुकाबला दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 127 रन बनाए। उनके लिए साहिबजादा फरहान ने सर्वाधिक 40 रन बनाए। वहीं, भारत के लिए कुलदीप यादव ने तीन और जसप्रीत बुमराह व अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट झटके। इसके अलावा हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट झटके।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले चुनी बल्लेबाजी : पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। दोनों टीमों ने इस मैच में कोई बदलाव नहीं किया है। भारत ने एक बार फिर तीन स्पिनर और एक विशेषज्ञ तेज गेंदबाज की रणनीति पर अमल किया है। भारत ने इससे पहले यूएई के खिलाफ इसी रणनीति को अपनाया था जो सफल रही थी।
भारत : अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
पाकिस्तान : साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमां, सलमान आगा (कप्तान), हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, सुफियान मुकीम, अबरार अहमद।
