कौशांबी : कोतवाली क्षेत्र में छात्रा से दुष्कर्म के मामले में आरोपी शाहनूर बृहस्पतिवार को थाना मंझनपुर पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर अपने ही गांव की एक अनुसूचित जाति की छात्रा के साथ बार-बार जबरन शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने का आरोप है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बेटी शमसाबाद स्थित स्कूल में पढ़ती है। गांव का ही शाहनूर लगातार उसे परेशान करता था, स्कूल जाते समय अश्लील टिप्पणियां करता और प्रेमजाल में फंसाकर जबरन संबंध बनाता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि छह अगस्त को आरोपी ने घर में घुसकर भी दुष्कर्म किया था। घटना के बाद परिजनों ने कोतवाली मंझनपुर में शाहनूर के खिलाफ दुष्कर्म सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। सीओ शिवांक सिंह ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। देर शाम शाहनूर की पुलिस से मुठभेड़ हुई, जिसमें उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
