इंडोनेशिया में यात्री विमान लापता, 11 लोग हैं सवार; तलाश में जुटीं एजेंसियां

Indonesia-Plane

जकार्ता : इंडोनेशिया में शनिवार को एक यात्री विमान का संपर्क कंट्रोल रूम से टूट गया। इस विमान में 11 लोग सवार थे। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना जावा और सुलावेसी द्वीप के बीच एक पहाड़ी इलाके के पास हुई। बचाव टीमों ने खोज अभियान शुरू कर दिया है।

इसको लेकर परिवहन मंत्रालय की प्रवक्ता एंडाह पूर्णिमा सारी ने बताया कि यह विमान इंडोनेशिया एयर ट्रांसपोर्ट द्वारा संचालित टर्बोप्रॉप ATR 42-500 था। यह योग्याकार्ता से दक्षिण सुलावेसी की राजधानी जा रहा था तभी रडार से गायब हो गया। विमान को आखिरी बार दोपहर 1:17 बजे दक्षिण सुलावेसी के मारोस जिले के मारोस के लेआंग-लेआंग इलाके में ट्रैक किया गया था।

सारी ने बताया कि वायु सेना के हेलीकॉप्टर, ड्रोन और जमीनी टीमें खोज में लगी हैं। इस बीच, माउंट बुलुसाराउंग पर ट्रेकिंग करने वाले कुछ लोगों ने बिखरा हुआ मलबा और आग देखी है। वहां विमान का लोगो भी दिखा है, जिससे मलबे के मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। सैन्य कमांडर मेजर जनरल बंगुन नवाको ने कहा कि बचाव टीमें इस जानकारी की पुष्टि करने के लिए उस इलाके में पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।

प्रवक्ता सारी ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने विमान को अपना रास्ता ठीक करने का निर्देश दिया था। इसके तुरंत बाद रेडियो संपर्क टूट गया। विमान में आठ क्रू मेंबर और तीन सरकारी यात्री सवार थे। सारी ने कहा कि उस समय मौसम की स्थिति में बादल और आठ किलोमीटर की विजिबिलिटी थी। जनरल नवाको ने कहा कि बुलुसाराउंग नेशनल पार्क की खड़ी ढलानों की वजह से खोज में मुश्किल आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *