नई दिल्ली : कानपुर एयरपोर्ट पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहे विमान के अंदर अचानक चूहे के दिखाई देने की सूचना मिली। जानकारी के अनुसार, दिल्ली से कानपुर एयरपोर्ट पर दोपहर 2:10 बजे फ्लाइट पहुंची थी और निर्धारित समयानुसार 2:50 बजे उसे दिल्ली के लिए रवाना होना था।
केबिन में घूमते नजर आए चूहे : विमान के उड़ान भरने से कुछ समय पहले ही क्रू मेंबर की नजर केबिन में घूमते एक चूहे पर पड़ी। सुरक्षा और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तुरंत फ्लाइट को रोका गया और सभी यात्रियों को डी-बोर्ड कर दिया गया।
शुरू किया गया सर्च ऑपरेशन : एयरपोर्ट स्टाफ ने पूरे विमान में चूहे को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। एयरलाइंस के टेक्निकल स्टाफ और ग्राउंड क्रू ने मिलकर विमान के हर कोने की गहन जांच की, ताकि उड़ान के दौरान किसी तरह का खतरा न बने।
लाउंज में यात्रियों को बैठाया गया : फ्लाइट में मौजूद यात्रियों को एयरपोर्ट लाउंज में सुरक्षित स्थान पर बैठाया गया। यात्रियों ने भले ही इस घटना को लेकर हल्की-फुल्की नाराजगी जताई, लेकिन अधिकांश ने एयरलाइन के फैसले को सुरक्षा की दृष्टि से सही बताया।
देरी से उड़ सकेगी फ्लाइट : एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि जब तक चूहे का पता नहीं चल जाता और विमान पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं हो जाता, तब तक उड़ान नहीं भरेगी। इस घटना के कारण कानपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में करीब एक घंटे से ज्यादा की देरी हो सकती है।
सभी यात्री सुरक्षित : एयरलाइन प्रबंधन का कहना है कि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए लगातार जानकारी दी जा रही है। फिलहाल एयरपोर्ट पर सर्च ऑपरेशन जारी है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
