MI vs KKR : केकेआर के खिलाफ रोहित-रिकेल्टन शो, मुंबई इंडियंस ने खत्म किया 13 सीजन का इंतजार

MI-KKr

मुंबई : आईपीएल में मुंबई इंडियंस के 13 सीजन का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली टीम ने 2026 सीजन का अपना पहला मुकाबला जीत लिया। आखिरी बार मुंबई ने 2012 में सीजन का अपना पहला मुकाबला जीता था। 

लगातार 13 सीजन अपने पहले मैच में हार झेलने के बाद मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को वानखेड़े स्टेडियम में 6 विकेट से हराया। पहले बैटिंग करते हुए केकेआर ने 4 विकेट पर 220 रन बनाए थे। मुंबई ने 20वें ओवर में 5 गेंद रहते मैच जीत लिया। यह मुंबई इंडियंस का लीग में सबसे सफल रन चेज है। इससे पहले टीम ने 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 219 रनों का टारगेट चेज किया था।

मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। तीसरे ओवर में वैभव अरोड़ा के खिलाफ दोनों ने तीन छक्के मारे। रोहित शर्मा ने पावरप्ले में ही अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। उन्होंने 23 गेंद पर अपने आईपीएल करियर की सबसे तेज फिफ्टी ठोकी। 6 ओवर के बाद मुंबई ने 80 रन ठोक दिए थे। रिकेल्टन ने 9वें ओवर में सुनील नरेन को दो छक्के मारकर 24 गेंद पर फिफ्टी पूरी की। इसी ओवर में मुंबई का स्कोर 100 के पार पहुंचा।

रोहित शर्मा शतक की तरफ बढ़ रहे थे लेकिन 78 रन बनाकर आउट हो गए। 38 गेंद पर रोहित ने 6 चौके और 6 छक्के मारे। रिकेल्टन के साथ उन्होंने पहले विकेट के लिए 71 गेंद पर 148 रनों की साझेदारी बनाई। 8 गेंद पर 16 रन बनाकर सूर्यकुमार यादव आउट हुए। रिकेल्टन का पास भी शतक लगाने का मौका था लेकिन 81 रन बनाकर वह रन आउट हो गए। उनके बल्ले से 4 चौके और 8 छक्के निकले। तिलक वर्मा ने 20, हार्दिक पंड्या ने नाबाद 18 और नमन धीर ने 5 रन बनाकर मुंबई को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

टॉस हारने के बाद पहले खेलने उतरी केकेआर को कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। रहाणे ने पहले ओवर में बोल्ट की गेंद पर लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का लगाकर पारी की शुरुआत की। कप्तान हार्दिक पंड्या की चौथे ओवर में लाइन और लेंथ की लगातार गलतियों का फायदा उठाकर केकेआर ने 26 रन बना लिए। 17 गेंद पर 37 रनों की पारी खेलने के बाद एलन पावरप्ले के आखिरी ओवर में शार्दुल ठाकुर का शिकार बने। केकेआर ने पावरप्ले में 78 रन बनाए।

केकेआर ने आठवें ओवर में ही 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया था और एक समय ऐसा लग रहा था कि रहाणे शतक तक पहुंच जाएंगे। वह 200 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे थे। नौवें ओवर में ठाकुर ने कैमरन ग्रीन को आउट किया। फिर अपने तीसरे और पारी के 14वें ओवर में शार्दुल ठाकुर ने धीमी क्रॉस-सीम गेंद डालकर रहाणे को आउट कर दिया।। कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 40 गेंद पर 3 चौके और 5 छक्कों की मदद से 67 रन बनाए।

अंत के ओवर्स में अंगकृष रघुवंशी ने 29 गेंद पर 51 और रिंकू सिंह ने 21 गेंद पर 33 रन बनाकर केकेआर को 220 रनों तक पहुंचा दिया। मुंबई इंडियंस के लिए शार्दुल ठाकुर ने तीन विकेट लिए। यह मुंबई इंडियंस के लिए उनका डेब्यू मुकाबला था। एक विकेट हार्दिक पंड्या को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *