चंडीगढ़ : लुधियाना के एक होटल में अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर भागा युवक पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में भर्ती है। आरोपी अमित निषाद ने खुद को घायल हालत में पेश करते हुए पहले डॉक्टरों और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी लेकिन बाद में होटल के कमरे से महिला की अधजली लाश मिलने पर पूरा मामला उजागर हो गया।
पीजीआई सूत्रों के अनुसार आरोपी को यूरोलॉजी, सर्जरी समेत अन्य विभागों की संयुक्त मेडिकल टीम देख रही है। डॉक्टरों का कहना है कि आरोपी के कटे प्राइवेट पार्ट को लेकर अस्पताल पहुंचने में काफी देर हो चुकी है इसलिए फिलहाल तत्काल सर्जरी का कोई खास फायदा नहीं होगा। विशेषज्ञों की राय है कि आरोपी पहले तीन अलग-अलग अस्पतालों में गया, जिससे इलाज में अनावश्यक देरी हुई और स्थिति और जटिल हो गई।
डॉक्टरों के मुताबिक आरोपी को अभी ऑब्जर्वेशन में रखा गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मेडिकल टीम उसकी स्थिति का लगातार आकलन कर आगे की उपचार रणनीति तय कर रही है। पुलिस पीजीआई में इलाज के दौरान भी उस पर नजर रख रही है।
लुधियाना के जालंधर बाईपास स्थित होटल इंडो कनेडियन में महिला रेखा की हत्या उसके प्रेमी अमित निषाद ने की। दोनों की मुलाकात होटल में हुई थी, जहां शादी को लेकर विवाद होने पर महिला ने गुस्से में आकर अपने प्रेमी पर कटर से हमला कर उसके प्राइवेट पार्ट पर जख्म कर दिया। इस पर आरोपी ने गुस्से में आकर रेखा का गला दबा दिया और उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस के अनुसार रेखा और अमित की काफी समय से दोस्ती थी और दोनों होटल में मिलने के लिए गए थे। दोनों के बीच शारीरिक संबंध बनाए जाने के बाद रेखा ने अमित से शादी करने के लिए दबाव डाला, लेकिन अमित ने इसे नजरअंदाज किया। गुस्से में आकर रेखा ने उसे चोट पहुंचाई, जिसके बाद अमित ने उसकी हत्या कर दी।
