बिहार : धार्मिक आयोजन में लिया मां का नंबर, फिर बेटी का किया शोषण

Shravan-DAs

दरभंगा : बिहार के दरभंगा जिले में आस्था की आड़ में नाबालिग के शोषण का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने मिथिलांचल के प्रसिद्ध ‘कथावाचक’ श्रवण दास को किशोरी के साथ यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया। ये कार्रवाई लंबी निगरानी और पुख्ता सबूतों के आधार पर की गई है। 

आरोपी के खिलाफ दिसंबर महीने में महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद से वो पुलिस की पकड़ से दूर था। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने न केवल उसका शारीरिक शोषण किया, बल्कि गर्भवती होने पर उसे गर्भपात की दवाएं लेने के लिए भी मजबूर किया, जिससे उसकी स्थिति नाजुक हो गई। पुलिस ने अब इस मामले में पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत शिकंजा कसा है।

पीड़िता की मां की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी श्रवण दास श्री राम जानकी मंदिर के महंत का शिष्य है। उसकी मुलाकात पीड़िता के परिवार से 3 जून 2023 को एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। वहीं से उसने मोबाइल नंबर हासिल किया और धीरे-धीरे परिवार का विश्वास जीत लिया। हद तो तब हो गई जब फरवरी 2024 में आरोपी ने पीड़िता के ही घर में एक कमरा किराए पर ले लिया, जिससे उसे लड़की तक पहुंचने का आसान रास्ता मिल गया।

लड़की ने अपने बयान में बताया कि 2 मार्च 2024 को जब वो घर में अकेली थी, तब आरोपी ने पहली बार उसका शोषण किया। इसके बाद शादी का वादा कर वह लगातार उसके साथ जबरन संबंध बनाता रहा। आरोपी ने उसे भरोसा दिलाया था कि उसके बालिग होते ही वो उससे विवाह कर लेगा। इस दौरान उसने लड़की को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना जारी रखा, जिसमें उसे निर्वस्त्र होने के लिए मजबूर करना भी शामिल था।

मामले का सबसे गंभीर पहलू पीड़िता का स्वास्थ्य है। किशोरी ने आरोप लगाया कि जब वह शोषण के कारण गर्भवती हुई, तो आरोपी ने उसे गर्भपात की गोलियां खिलाईं। ऐसा एक नहीं बल्कि दो बार किया गया। बार-बार गर्भपात कराने की वजह से पीड़िता का स्वास्थ्य बिगड़ गया। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच करवा ली है और मेडिकल रिपोर्ट को जांच का मुख्य आधार बनाया जा रहा है।

दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि एसडीपीओ राजीव कुमार के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से आरोपी को दबोचा है। पुलिस के पास आरोपी के खिलाफ पर्याप्त तकनीकी और भौतिक सबूत मौजूद हैं। हालांकि, इस मामले में श्रवण दास का सहयोगी ‘मौनी बाबा’ अभी फरार है। महिला थाना प्रभारी मनीषा के अनुसार, पुलिस की टीमें फरार आरोपी की भूमिका की जांच कर रही हैं और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *