बलूचिस्तान : क्वेटा में बीएनपी की रैली में आत्मघाती बम विस्फोट, 14 लोगों की मौत; 35 घायल

Balochistan-Qweta-Blast-in-Rally

नई दिल्ली/क्वेटा : बलूचिस्तान के क्वेटा में बलूचिस्तान नेशनल पार्टी (बीएनपी) की रैली के पास बम विस्फोट हुआ। इसमें 14 लोगों की मौत हो गई। जबकि 35 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारी अतहर रशीद ने बताया कि पुलिस विस्फोट की जांच कर रही है। यह एक आत्मघाती बम विस्फोट है।

क्वेटा में सरदार अताउल्लाह मेंगल की चौथी पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के समापन के तुरंत बाद शाहवानी स्टेडियम के पास विस्फोट हुआ। बलूचिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री बख्त मुहम्मद काकर ने कहा कि विस्फोट में 14 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि हमले में बीएनपी नेता अख्तर मेंगल और उनके काफिले को निशाना बनाया गया था। हालांकि हमले में मेंगल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। विस्फोट के बाद सुरक्षाबलों ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी और आपातकालीन सेवाओं ने घायलों को पास के अस्पतालों में पहुंचाया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अख्तर मेंगल ने एक्स पर एक पोस्ट में अपनी सुरक्षा की पुष्टि की और अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की मौत पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपकी प्रार्थनाओं और संदेशों के लिए धन्यवाद। मैं सुरक्षित हूं, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं की मौत से बहुत दुखी हूं। लगभग 14 लोगों की मौत हो गई। कई घायल हुए हैं। उन्होंने मेरे साथ खड़े होकर हमारे लिए अपनी जान दे दी। उनका बलिदान कभी नहीं भुलाया जाएगा। अल्लाह उन्हें जन्नत अता करे और उनके परिवारों को धैर्य प्रदान करे। यह मुझ पर एक कर्ज है, और मैं इसे जिम्मेदारी और दृढ़ संकल्प के साथ निभाऊंगा।

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती ने हमले की निंदा करते हुए इसे शांति के दुश्मनों की कायरतापूर्ण हरकत बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की हिंसा का उद्देश्य क्षेत्र को अस्थिर करना और भय फैलाना है। उन्होंने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से हमले के पीछे के लोगों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए कहा। साथ ही घटना की जांच और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया है। इस बीच क्वेटा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *