SCO Summit : पाकिस्तान का दोस्त अजरबैजान बौखलाया, नहीं बनने दिया सदस्य; भारत पर आरोप

नई दिल्ली : शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की पूर्ण सदस्यता के लिए अजरबैजान के अरमानों पर पानी फिर गया है. जिसके बाद अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने भारत पर शंघाई सहयोग संगठन (SCO) में उनकी पूर्ण सदस्यता रोकने का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि भारत ने यह कदम पाकिस्तान के साथ अजरबैजान की गहरी दोस्ती से जलन के चलते उठाया. यह बयान 1 सितंबर को तियानजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन के दौरान सामने आया, जहां अलीयेव ने पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ से मुलाकात की.

अजरबैजान का भारत पर हमला : SCO शिखर सम्मेलन 2025 में अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने भारत पर तीखा हमला बोला. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ मुलाकात में उन्होंने कहा, “भारत हमारी SCO सदस्यता को बार-बार रोक रहा है. यह सब हमारी पाकिस्तान के साथ दोस्ती की वजह से है. भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हमसे दुश्मनी निकाल रहा है.” अजरबैजानी मीडिया के हवाले से यह खबर सामने आई है. अजरबैजानी न्यूज पोर्टल्स के अनुसार, राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने तियानजिन में SCO शिखर सम्मेलन के दौरान भारत पर बदले की कार्रवाई का आरोप लगाया है.

पाकिस्तान-अजरबैजान की ‘जिगरी’ दोस्ती : अलीयेव ने साफ कहा कि भारत के विरोध के बावजूद अजरबैजान पाकिस्तान के साथ अपने रिश्तों को और मजबूत करेगा. उन्होंने अप्रैल-मई 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य तनाव का जिक्र किया, जब अजरबैजान ने खुलकर पाकिस्तान का साथ दिया था. शहबाज शरीफ ने इसके लिए अजरबैजान का शुक्रिया अदा किया और दोनों देशों के बीच भाईचारे की तारीफ की. अजरबैजान का कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान का समर्थन और चीन की बेल्ट एंड रोड पहल (BRI) में उसकी हिस्सेदारी भारत की चिंता का बड़ा कारण है.

SCO में भारत की रणनीति : SCO एक प्रमुख क्षेत्रीय संगठन है, जिसमें भारत, पाकिस्तान, चीन, रूस और मध्य एशियाई देश शामिल हैं. अजरबैजान अभी “संवाद भागीदार” है और लंबे समय से पूर्ण सदस्यता की मांग कर रहा है. लेकिन भारत ने कथित तौर पर इसका विरोध किया. जानकारों का कहना है कि भारत को अजरबैजान का पाकिस्तान और तुर्की के साथ रणनीतिक गठजोड़ खटकता है. खासकर, अजरबैजान का कश्मीर पर पाकिस्तान के पक्ष में रुख और BRI प्रोजेक्ट्स में हिस्सेदारी भारत के लिए चिंता का सबब है.

भारत की चिंताएं : भारत का मानना है कि अजरबैजान का पाकिस्तान और तुर्की के साथ गठजोड़ उसकी क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हो सकता है. कश्मीर मुद्दे पर अजरबैजान का रुख और BRI में उसकी भागीदारी भारत को परेशान करती है, क्योंकि BRI का एक हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) से होकर गुजरता है. भारत ने SCO में अपनी मजबूत स्थिति का इस्तेमाल करते हुए अजरबैजान की राह में रोड़े अटकाए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *