ओडिशा : पारादीप बंदरगाह पर चीनी नाविक का शव बरामद, PITC पर सीढ़ी लगाते समय गिरा था समुद्र में 

Odisha-Chinese-Death-in-Ocean

नई दिल्ली/पारादीप : ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पर एक चीनी नाविक जहाज से गलती से समुद्र में गिरकर लापता हो गया था, जिसका शव रविवार को समुद्र से बरामद किया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान झांग ताई के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह पारादीप अंतरराष्ट्रीय कार्गो टर्मिनल (पीआईसीटी) पर सीढ़ी लगाते समय झांग ताई पानी में गिर गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया। ताई की तलाश के लिए तटरक्षक बल, एनडीआरएफ, ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ), राज्य समुद्री पुलिस, स्कूबा गोताखोरों और सीआईएसएफ की एक संयुक्त टीम ने अभियान शुरू किया। पारादीप की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्मृति रंजन कर ने कहा, ‘रविवार को चीनी नाविक का शव पानी में तैरता हुआ देखा गया और पुलिस ने उसे बाहर निकाला।’

सीढ़ी खोलते समय समुद्र में गिरा चीनी नाविक : पुलिस अधिकारी ने बताया कि जहाज पिछले बुधवार को कच्चा लोहा लेकर टर्मिनल पर आया था। शुक्रवार सुबह माल उतारने के बाद जहाज रवाना होने की तैयारी कर रहा था। उसी दौरान सीढ़ी खोलते समय ताई समुद्र में गिर गया।

ताई को बचाने के लिए बांग्लादेशी नाविक ने समुद्र में लगाई थी छलांग : अधिकारी ने बताया कि ताई को बचाने के लिए एक बांग्लादेशी नाविक ने समुद्र में छलांग भी लगाई, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। बाद में, जहाज के चालक दल ने बांग्लादेशी नाविक को सुरक्षित निकाल लिया, जबकि ताई लापता हो गए थे। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हम जहाजरानी मंत्रालय की मदद से चीनी नाविक के शव को उसके देश भेजने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *