नागपुर : महाराष्ट्र में नागपुर के गांधीबाग जोन में एक फ्लाईओवर का बीम एक घर की बालकनी के बीचों-बीच से गुजर रहा है. ये अनोखा नजारा सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है! ये फ्लाईओवर राष्ट्रीय राजमार्ग-353D पर बन रहे 8.9 किलोमीटर लंबे इंडोरा चौक-दिघोरी चौक एलिवेटेड कॉरिडोर का हिस्सा है, जिसे नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) बना रही है. लेकिन इस सरकारी लापरवाही ने बुनियादी ढांचे की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
क्या है पूरा माजरा? : दरअसल, इस फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान एक घर की बालकनी रास्ते में आ गई. NHAI और नागपुर नगर निगम (NMC) का कहना है कि उन्होंने पिछले साल ही इस इलाके में अतिक्रमण की आशंका जताई थी. 11 अक्टूबर 2024 को NHAI ने NMC को पत्र लिखकर बताया था कि कुछ दुकानें और मकान रोटरी की बाहरी बीम के लिए जरूरी जगह में आ रहे हैं.
NHAI ने NMC से जमीन की जांच करने और इसे खाली कराने को कहा था, ताकि निर्माण में देरी न हो और लोगों की सुरक्षा भी बनी रहे. इसके बावजूद उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई.नतीजा? जिसके बाद उसी अवस्था में इस फ्लाईओवर की बीम डाल दी गई. अब यह बीम एक घर की बालकनी से होकर गुजर रही है, जो देखने में बेहद अजीब और खतरनाक लग रही है.
सड़क बालकनी पर नहीं है : NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सीएम सिन्हा ने इस मामले पर सफाई दी. उन्होंने कहा, ‘हमने इस जगह को अतिक्रमण के रूप में चिह्नित किया था और NMC को पत्र लिखा था. शायद ठेकेदार ने परिवार से बातचीत पूरी होने से पहले ही काम शुरू कर दिया. अब ये मामला सामने आया है तो हम अतिक्रमण हटाने की योजना बना रहे हैं.’ उन्होंने स्पष्ट किया कि फ्लाईओवर की मुख्य सड़क घर से दूर, इनर रिंग पर होगी. इसलिए परिवार को कोई खतरा नहीं है.
NMC ने परिवार को दिया नोटिस : NMC के गांधी बाग जोन के असिस्टेंट कमिश्नर गणेश राठौड़ ने बताया कि ये घर एक अधिसूचित स्लम क्षेत्र में है, इसलिए कोई कार्रवाई करने से पहले 15 दिन का नोटिस देना होगा. उन्होंने कहा, ‘हम दस्तावेजों की जांच करेंगे. अगर कुछ गैरकानूनी पाया गया, तो कार्रवाई होगी. लेकिन अभी कुछ पक्का नहीं है.’
‘हमें फ्लाईओवर रिंग से कोई दिक्कत नहीं’ : इस घर में रहने वाली सृष्टि पात्रे ने बताया कि उन्हें इस साल की शुरुआत में उनकी 1.5 मीटर की बालकनी एक्सटेंशन के बारे में सूचना दी गई थी. लेकिन उन्हें उम्मीद थी कि बाद में संरचना को हटाया या बदला जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हो पाया. सृष्टि ने कहा, “हमें इस बीम से कोई आपत्ति नहीं है, क्योंकि सड़क हमारी बालकनी पर नहीं है और वह बीम के ऊपर बनेगी. लोग इसे मजाक में वायरल कर रहे हैं. इससे परिवार को कोई परेशानी नहीं है.”
उन्होंने बताया कि उनका घर घुमावदार मोड़ पर है, जहां फ्लाईओवर बन रहा है. इसलिए ये समस्या हुई. अगर सरकार बालकनी तोड़ भी देती है तो घर फिर भी बना रहेगा. हालांकि नीचे की दुकानें प्रभावित हो सकती हैं, जो कई परिवारों का सहारा हैं.
सोशल मीडिया पर लोग ले रहे मजे : सोशल मीडिया पर इस बालकनी की तस्वीर खूब वायरल हो रही है. लोग तरह-तरह के मजेदार कमेंट के साथ यह तस्वीर शेयर कर रहे हैं. एक पोस्ट का कैप्शन था, ‘विकास बहुत जोर से होना है, अब तो बालकनी तक आ गया और क्या चाहिए अब.’ एक अन्य यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, ‘घर भी फ्लाईओवर भी. यही है असली विकास. जो कोई यह सोचता है कि यह गलत है, वह एंटी नेशनल और और अर्बन नक्सल है.’ एक इंटरनेट यूजर ने लिखा, ‘इस सज्जन को क्या दिक्कत है. बालकनी से डायरेक्ट फ्लाईओवर जा सकते हो. सरकार को बदनाम न करे, इससे ज्यादा विकास नहीं मिलेगा. विकास भी चाहिए और बलिदान भी नहीं देना है.’
