मेरठ : यूपी में मेरठ जिले के थाना सिविल लाइन एरिया में सोमवार को बीच सड़क पर पति-पत्नी का हाईवोल्टेज ड्रामा देखने के लिए मिला। सड़क पर दौड़ती कार की बोनट पर एक महिला लटकी हुई थी, लोगों ने देखा तो कार को रुकवाया, लेकिन कार की बोनट से उतरते ही महिला ने अपना रौद्र रूप दिखाया और तड़ातड़ पति को पीटने लगी। महिला की शादी 4 महीने पहले ही मेरठ के रहने वाले दिनेश के साथ हुई है। दोनों की अरेंज मैरिज हुई है। शादी के कुछ ही दिनों बाद दोनों पति-पत्नी में आपसी विवाद रहने लगा। दोनों एक दूसरे पर मैरिटल अफेयर का आरोप लगाते हुए सड़क पर मारपीट करने लगे। इस दंपति का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पति की कार की बोनट पर कूद गई पत्नी : इस तरह अचानक सड़क पर पति-पत्नी का हंगामा देखकर लोग भी दंग रह गए। आरोप है कि दिनेश सोमवार को कचहरी आया था, इसकी जानकारी पत्नी ईशु को मिली तो वो भी वहां पहुंच गई। दिनेश कचहरी से गाड़ी बाहर निकालते हुए जब अंबेडकर चौराहे पर पहुंचा तो ईशु बोनेट के ऊपर कूद गई। दिनेश ने तब भी कार नही रोकी, लिहाजा उसकी पत्नी के पैर जमीन पर रगड़ खाने लगे। पत्नी ने पति पर जान से मारने का आरोप लगाया है।
बोनट पर लटकती महिला को देखते ही लोगों ने रुकवाई कार : सड़क पर दौड़ती कार के बोनेट से लटकती महिला को देखकर आसपास के लोगों को माजरा कुछ समझ में नही आया, लिहाजा राहगीरों ने गाड़ी रुकवाई। गाड़ी के रुकते ही बोनेट से घिसटती महिला ने अपने पति की धुनाई शुरू कर.दी। वहीं, लोगों ने भी दिनेश को ही फटकार लगाते हुए कहा कि वह उसे मारना चाहता था क्या? जिस जगह कार रुकी, वह मेरठ विकास प्राधिकरण का कार्यालय था, ठीक उसके सामने महिला थाना भी है। राहगीरों ने पुलिस को बुलाया और दोनों को पुलिस के जिम्मे सौंप दिया।
पति पत्नी ने एक दूसरे पर लगाया आरोप : अपने पति को बीच सड़क पर पीटने वाली महिला का आरोप है कि उसके पति का चरित्र अच्छा नही है। उसने शादी के बाद अपने भाई से रेप का प्रयास करवाया था, जिसकी शिकायत पुलिस से भी की है। दिनेश ने भी पुलिस को बताया है कि पत्नी का कहीं और प्रेम-प्रसंग चल रहा है। फिलहाल दोनों तरफ से आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। सिविल लाइन थाने में पति-पत्नी ने अपनी तहरीर दी है। सीओ सिविल लाइन का कहना है कि पति-पत्नी का आपसी विवाद है, पूर्व की घटनाओं की जानकारी जुटाकर जांच की जाएगी।
