नई दिल्ली/इस्लामाबाद : पाकिस्तान की जाफर एक्सप्रेस मंगलवार को बलूचिस्तान के मस्तुंग इलाके में एक जोरदार धमाके के बाद पटरी से उतर गई. बताया जा रहा है कि धमाका रेल की पटरियों पर हुआ, जिसके बाद ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतर गए. घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर भेजे गए. उन्होंने यात्रियों को निकालना शुरू कर दिया. कुछ समय पहले ही इस ट्रेन पर बलूच विद्रोहियों द्वारा हमला और अपहरण की घटना हुई थी. ऐसे में ताजा अटैक से यात्रियों में दहशत फैल गई.
BLA ने ली हमले की जिम्मेदारी : रिपोर्ट के मुताबिक, जाफर एक्सप्रेस की पटरियों पर पेशावर में आईईडी फिक्स कर ब्लास्ट किया गया. इस विस्फोट से ट्रेन के 6 डिब्बे पटरी से उतर गए. जिसमें दर्जनों लोग घायल हुए हैं. इस धमाके की बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने जिम्मेदारी ली है.
इस साल 11 मार्च को भी हुआ था ट्रेन पर हमला : बताते चलें कि जाफर एक्सप्रेस वही ट्रेन है, जिस पर इस साल 11 मार्च को BLA के लड़ाकों ने बड़ा हमला कर दर्जनों सैन्यकर्मियों को बंधक बना लिया था. उस दौरान ट्रेन बलूचिस्तान प्रांत के बोलान जिले में क्वेटा से पेशावर जा रही थी. लड़ाकों ने ट्रेन को रोकने के लिए पटरियों पर बम लगाए थे. साथ ही कुछ सुरंगों और ट्रैक हिस्सों में विस्फोट किए गए.
विस्फोट के बाद पलट गए थे डिब्बे : विस्फोट के बाद ट्रेन फंस गई और कुछ डिब्बे पलट गए. उसी दौरान बंदूकधारियों ने ट्रेन पर हमला करके आम नागरिकों को छोड़ दिया. जबकि सिविल ड्रेस में यात्रा कर रहे पाकिस्तानी सेना और पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया था. बंधकों को छुड़ाने के लिए पाकिस्तानी सेना ने ऑपरेशन शुरू किया, जिसमें करीब 33 लड़ाकों के मौत हुई थी. जबकि बीएलए ने 200 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिकों के मरने का दावा किया था.
