मिर्जापुर : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक महिला ने यूट्यूब चैनल पर मां दुर्गा के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया है। पुलिस ने महिला और उसके पति सहित वीडियो बनाने में उसकी मदद करने वाले अन्य चार सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। मड़िहान थाना क्षेत्र की रहने वाली सरोज सरगम ने यूट्यूब पर बीते तीन महीनों से कई गानों का वीडियो अपलोड किया है। इन वीडियो में आराध्य मां दुर्गा के बारे में अपशब्दों का प्रयोग किया गया। इससे हिन्दू सम्प्रदाय में आक्रोश को देखते हुए, पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में लिया।
मड़िहान थाने में बीते 18 सितम्बर को मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में सीनियर ऑफिसर्स के डॉयरेक्शन में सर्विलांस टीम को पूरे मामले के इन्वेस्टिगेशन कराने के बाद बुधवार को मुख्य महिला आरोपी सरोज सरगम और सह-अभियुक्त उनके पति राममिलन बिन्द सहित उसके चार अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
तीन साल से पीडीए के लिए गाना गा रही आरोपी : मिर्जापुर एसएसपी सोमेन बर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी सरोज सरगम एवं सह-अभियुक्त उनके पति राममिलन बिन्द के साथ उसके चार अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया। महिला कुछ समय पहले बिरहा संगीत गाना गाती थी, पिछले तीन साल से पीडीए मिशन के लिए गाना गा रही है। महिला व उसके पति ने 10 महीने पहले अपना धर्म परिवर्तन कर ईसाई धर्म अपना लिया था। पुलिस ने पहले भी ऐसी वीडियो को डिलीट कराया गया था, लेकिन महिला ने दोबारा वीडियो को अपलोड कर दिया। इस गाने के बोल एक किताब से लिए गए हैं, जिसका नाम जिज्ञासा और समाधान बहुजन नायक महिषासुर है, किताब के संपादक है राजवीर सिंह यादव को गिरफ्तार करने की तैयारी की जा रही है।
वन भूमि पर अवैध कब्जा भी किया : सीनियर ऑफिसर्स के डॉयरेक्शन में सर्विलांस टीम इन्वेस्टिगेशन एवं साइबर टीम द्वारा साक्ष्यों का विश्लेषण कर इन लोगों की गिरफ्तारी की गई है। अभी कुछ और लोगों की गिरफ्तारी होनी है। जांच में यह भी उल्लेखनीय है कि सरोज सरगम द्वारा करीब-15 बीघे से ज्यादा वन भूमि को अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया था, जिसको आज संयुक्त टीमों द्वारा मिलकर कब्जा मुक्त कराया गया।
