नई दिल्ली : भारत और वेस्टइंडीज के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच का दूसरा दिन पूरा हो गया है और वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में 4 विकेट खोकर 140 रन बना लिए हैं. टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी 518 रन पर घोषित की थी. इस तरह कैरेबियन टीम फिलहाल भारत से 378 रन पीछे है. उसके लिए एलिक एथेनाज ने 41 और तेजनरेन चंद्रपॉल ने जुझारू पारियां खेली लेकिन कोई भी इसे बड़े स्कोर में नहीं बदल पाया. टीम के लिए शेप होप (31) और टेविन इमलाख (14) नाबाद लौटे हैं. टीम इंडिया के लिए स्टार स्पिनर रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट झटक लिए.
टीम इंडिया की नजर क्लीन स्वीप पर : इससे पहले टीम इंडिया ने अपनी पारी को 318 रन के स्कोर से आगे बढ़ाना शुरू किया और डेढ़ सेशन के अंदर 200 रन जोड़ते हुए घोषित कर दी. पहले दिन 173 रन पर नाबाद लौटे यशस्वी जायसवाल दोहरे शतक से चूक गए और 175 के स्कोर पर रन आउट हो गए. मगर कप्तान शुभमन गिल ने अपनी अच्छी फॉर्म जारी रखते हुए एक और बेहतरीन शतक जमा दिया. उनके अलावा नीतीश कुमार रेड्डी ने 43 और ध्रुव जुरेल ने 44 रन की पारियां खेलीं. जुरेल का विकेट गिरने के साथ ही गिल ने 518 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी.
दूसरे दिन का खेल खत्म : दिल्ली टेस्ट में दूसरे दिन का खेल खत्म हो गया है और वेस्टइंडीज ने 4 विकेट खोकर 140 रन बना लिए. शे होप और टेविन इमलाख ने मिलकर नाबाद 33 रन की साझेदारी कर ली और टीम को मुकाबले में बनाए रखा है. इमलाख 14 और होप 31 रन बनाकर नाबाद लौटे.
चौथा विकेट गिरा : वेस्टइंडीज की पारी लड़खड़ाने लगी है और अब उसका चौथा विकेट भी गिर गया है. एक बार फिर जडेजा ने ये सफलता दिलाई. उन्होंने अपनी ही गेंद पर विंडीज कप्तान रॉस्टन चेज का कैच ले लिया. चेज अपना खाता भी नहीं खोल पाए.
तीसरा विकेट गिरा : रवींद्र जडेजा के बाद कुलदीप यादव ने अपना कमाल दिखाया और नए स्पैल की पहली ही गेंद पर विकेट हासिल कर लिया. कुलदीप ने एलिक एथेनाज की दमदार (41) पारी का अंत किया.
वेस्टइंडीज के 100 रन : वेस्टइंडीज ने पहली पारी में अपने 100 रन पूरे कर लिए हैं. दो विकेट गंवाने के बावजूद विंडीज टीम फिलहाल पिछले मैच से बेहतर स्थिति में दिख रही है.
