महाराष्ट्र : पुणे में गर्लफ्रेंड के नाजायज संबंध से खफा हुआ बॉयफ्रेंड, चाकू से गोदकर किया मर्डर; किया सरेंडर

Maharashtra-Pune-Girl-Murder

पुणे : महाराष्ट्र के पुणे से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बॉयफ्रेंड को शक था कि उसकी गर्लफ्रेंड का किसी और से नाजायज संबंध है।

पुलिस के सामने किया सरेंडर : हैरानी की बात ये है कि घटना को अंजाम देने के बाद बॉयफ्रेंड फरार नहीं हुआ बल्कि उसने पुलिस के सामने जाकर थाने में सरेंडर कर दिया।

क्या है पूरा मामला? : प्रेमी ने नाजायज संबंध के चलते प्रेमिका की हत्या की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद प्रेमी ने खुद ही पुलिस थाने में जाकर प्रेमिका की हत्या का जुर्म भी कबूला। इसके बाद पुलिस ने हत्यारे प्रेमी को हिरासत में लेकर वारदात की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि प्रेमी का नाम दिलावर सिंह है, जो पुणे के पिसौली इलाके का रहने वाला है। वहीं मृतक प्रेमिका की पहचान मेरी मल्लेश तेलुगू के रूप में हुई है। उसकी उम्र 26 साल थी। वह शीतला नगर देहुरोड की निवासी थी।

पुलिस ने क्या बताया? : वाकड़ इलाके के पुलिस अधिकारी डीसीपी विशाल गायकवाड के द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, दिलावर को यह शक था कि उसकी गर्लफ्रेंड मेरी के किसी से नाजायज संबंध चल रहे हैं। आज दोपहर वह मेरी को वाकड़ इलाके के एक लॉज में अपने साथ ले गया। यहां उसने मेरी का मोबाइल फोन खंगाला। इसके बाद दिलावर का शक हकीकत में बदल गया और उसने चाकू से लगातार हमला करते हुए मेरी को मौत के घाट उतार दिया।

इस वारदात को अंजाम देने के बाद दिलावर अपनी गाड़ी से पुणे के कोंडवा इलाके में स्थित पुलिस थाने पहुंच गया और वहां उपस्थित अधिकारियों को उसने हत्या की इस वारदात के बारे में जानकारी दी। इसके बाद कोंडवा पुलिस ने वाकड़ पुलिस को उस घटनास्थल की जानकारी दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मेरी की लाश खून में लथपथ पड़ी हुई थी।

मेरी के परिजनों ने दिलावर के खिलाफ वाकड़ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर दिलावर को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस इस मामले में यह जांच कर रही है कि हत्या के दौरान दिलावर के साथ क्या और भी कोई मौजूद था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *