अलीगढ़ : बिहार से आकर 12 युवकों की दुल्हन बनीं युवतियां करवा चौथ का पूजन करने के बाद जेवरात और नगदी लेकर गायब हो गईं हैं। अभी तक चार परिवारों ने तो मुकदमे लिखवा दिए हैं जबकि बाकी आठ भी पुलिस के संपर्क में हैं। पुलिस की जांच में अभी तक जो सामने आया है उसके मुताबिक यह तीस लाख से अधिक का माल उड़ा ले गईं हैं। अब पुलिस टीम को बिहार भेजा जा रहा है। नौ अक्तूबर को इगलास कस्बे में बिहार से आईं 12 युवतियों के रिश्ते अलीगढ़ और इगलास क्षेत्र के युवकों से कराए गए थे।
सभी ने करवा चौथ का व्रत भी रखा था : दस अक्तूबर को इन सभी की शादियां हो गईं। क्योंकि उसी दिन करवा चौथ भी था लिहाजा सभी दुल्हनों ने ससुरालियों द्वारा भेंट किए गए जेवरात पहने। महंगी-महंगी साड़ियां सभी को दी की गईं थीं। इन सभी ने करवा चौथ का व्रत भी रखा था। रात को चांद देखकर व्रत का परायण किया। घरों में पकवान बनाए गए। इगलास के तीन और अलीगढ़ शहर के एक परिवार द्वारा जो रिपोर्ट दर्ज कराई गई है उसमें कहा गया है कि खाना खाने के बाद परिवार के सभी लोग गहरी नींद में सो गए। उनकी आंख सुबह को ही खुली। उस समय घर पर न तो दुल्हन ही थी और न उसे दिए गए जेवरात।
युवती 4 लाख कैश व छह लाख के जेवरात किए साफ : सासनी गेट के निहाल शर्मा ने दर्ज कराए मुकदमे में कहा है कि उनके बेटे प्रतीक से शादी करने वाली युवती घर से 4 लाख रुपये का कैश और छह लाख रुपये से अधिक के जेवरात ले गई है। वहीं इगलास के मुहल्ला कैलाश नगर के वीर सिंह ने बताया कि उनके बेटे प्रेमवीर से शादी करने वाली दुल्हन दो लाख के जेवरात लेकर गायब हो गई। भौंरा गौरवा के प्रवीन उर्फ कालू और रनवीर उर्फ नैहना ने दर्ज कराए मुकदमे में दो- दो लाख के जेवरात ले जाने की बात कही है। अभी मुकदमे चार परिवारों की तरफ से दर्ज कराए गए हैं। वहीं पुलिस जांच में अन्य आठ परिवारों से भी दो-दो लाख रुपये के जेवरात ले जाने का अनुमान लगाया जा रहा है।
शनिवार को दर्ज हुए पहले मुकदमे में नामजद इगलास निवासी मुकेश की पत्नी से पूछताछ की जा रही है। यह महिला बिहार की है। इससे पूछताछ कर भागीं लुटेरी दुल्हनों के पते, मोबाइल नंबर, भागने के ठिकानों आदि के बारे में पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। उसी आधार पर आज एक टीम बिहार भेजी जाएगी। बिचौलिये की भी तलाश की जा रही है। – मयंक पाठक, सीओ प्रथम।
