संभल : मशहूर हेयर ड्रेसर जावेद हबीब और उसके बेटे अनोस की तलाश में संभल पुलिस दिल्ली की फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित उनके घर पहुंची, लेकिन आरोपी पिता-पुत्र नहीं मिले। सर्च वारंट होने पर पुलिस ने घर की तलाशी ली भी। अब आरोपियों की तलाश में पुलिस मुंबई जाएगी।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई का कहना है कि पांच करोड़ की ठगी के मामले में आरोपी जावेद हबीब और उसके बेटे अनोस को 12 अक्टूबर तक पुलिस के सामने पेश होने और जांच में सहयोग करने के लिए नोटिस दिया था, लेकिन वह नहीं आए, जिसके बाद संभल के रायसत्ती थाने की पुलिस आरोपी के दिल्ली की फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित घर पहुंची। जहां पर जावेद हबीब की बहन ने घर पर न होने की बात कही। पुलिस ने घर की तलाशी भी ली, लेकिन वह नहीं मिले। अब मुंबई टीम भेजकर तलाश कराई जाएगी।
दर्ज हो चुके हैं 32 मुकदमे : एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि पांच करोड़ की ठगी के मामले में हेयर ड्रेसर जावेद हबीब, उसके बेटे अनोस हबीब और संभल के मोहल्ला नई सराय निवासी सैफुल के खिलाफ रायसत्ती थाने में धोखाधड़ी के 32 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। यह मुकदमे कॉइन में निवेश कराकर ठगी करने के मामले से जुड़े हैं।
पुलिस के सामने 47 पीड़ित सामने आए हैं। इन सभी की तहरीर के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। जो लोग ठगी का शिकार हुए हैं, उनमें कई ऐसे लोग भी हैं, जिन्होंने उधार रुपये लेकर निवेश किए थे। ज्यादा मुनाफा मिलने का झांसा देकर लोगाें को फंसाया गया था।
