धनबाद : शिकायत करने पहुंचे रेलवे कर्मी की थाने में पिटाई का आरोप, हालत नाजुक

धनबाद : जिले के गोमो स्थित हरिहरपुर थाना क्षेत्र से शनिवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां रेलवे कर्मचारी सरोज तिवारी ने थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सरोज तिवारी रेलवे के आईडब्ल्यू-2 विभाग में जॉली पद पर कार्यरत हैं और फिलहाल गोमो में तैनात हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि शनिवार को हरिहरपुर थाना प्रभारी राहुल झा ने उन्हें हाजत में रखकर लाठी से पिटाई की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने आरोप लगते हुए बताया कि राहुल झा के द्वार उनसे ₹20 हजार रुपए लिए और उसके बाद मुझे छोड़ा।

पीड़ित सरोज तिवारी ने बताया कि टीटीई बी.एम. पांडे ने उनसे ₹1 लाख लिए थे, जो कई बार कहने के बावजूद वापस नहीं किए गए। इसी पैसे की शिकायत लेकर वे शनिवार सुबह हरिहरपुर थाना पहुंचे थे। शिकायत दर्ज कराने के बजाय थाना प्रभारी ने उन्हें हाजत में डाल दिया और पूरे दिन भोजन नहीं दिया। शाम में फिर से डंडों से पिटाई की गई। सरोज तिवारी ने बताया कि पिटाई के बाद वे बेहोश हो गए और किसी तरह धनबाद रेलवे हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पीड़ित के चाचा अमित दुबे ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी ने रिश्वत लेकर उल्टा सरोज तिवारी को प्रताड़ित किया। उन्होंने कहा कि सरोज की स्थिति गंभीर है और यदि उन्हें कुछ हुआ तो इसके जिम्मेदार थाना प्रभारी राहुल झा होंगे।

धनबाद रेलवे हॉस्पिटल के डॉक्टर एस.के. चंदन ने बताया कि सरोज तिवारी के सिर में चोट और सूजन है, शरीर में दर्द है और उनकी स्थिति फिलहाल नाजुक बनी हुई है। उन्हें आपातकालीन चिकित्सा दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *